Friday, May 22, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

मदन मोहन चौबे वार्ड में वृहद स्तर पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान,15 से अधिक अवैध स्थायी संरचनाएं हटी, सुगम आवागमन एवं स्वच्छता व्यवस्था को मिली मजबूती

मदन मोहन चौबे वार्ड में वृहद स्तर पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान,15 से अधिक अवैध स्थायी संरचनाएं हटी, सुगम आवागमन एवं स्वच्छता व्यवस्था को मिली मजबूत

कटनी। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में सुगम आवागमन व्यवस्था, प्रभावी जल निकासी एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अनधिकृत अतिक्रमणों के विरुद्ध लगातार अभियानात्मक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा मदन मोहन चौबे वार्ड अंतर्गत सागर पुलिया से लक्ष्मी पान भंडार तक मार्ग के दाहिने ओर सार्वजनिक भूमि एवं नाले-नालियों पर किए गए लगभग 15 से अधिक अवैध स्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया।

 

अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि निगम प्रशासन की इस कार्यवाही से क्षेत्र में आवागमन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित हो सकेगी। विशेष रूप से कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन एवं कटनी साउथ स्टेशन की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों तथा आम नागरिकों को मार्ग में बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। लंबे समय से सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अवैध निर्माणों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था, जिससे नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता था।

 

इसके साथ ही सार्वजनिक नाले-नालियों से अतिक्रमण हटने के कारण सफाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी तथा जल निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी। आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए यह कार्यवाही जलभराव की समस्या के प्रभावी निराकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निगम प्रशासन का मानना है कि सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होती है, बल्कि शहर की स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलता है।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों, नालों एवं शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग प्रदान करें। कार्यवाही के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित अतिक्रमण दल की टीम के कर्मचारी मौजूद रहे।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि