25 बसों और विजयराघवगढ़ एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन से रवाना होंगे भाजपा कार्यकर्ता

कटनी। कटनी से भाजपा के महाकुंभ में कार्यकर्ताओं को २५ बसों और विजयराघवगढ़ एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन आज रात्रि १० बजे भोपाल लेकर जाएगी। प्रदेश के मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक के प्रयासों से विजयराघवगढ़ एक्सप्रेस नाम से यह स्पेशल ट्रेन पाठक वार्ड स्थित मुड़वारा स्टेशन से आज २४ सितंबर को रात्रि १० बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेगी। इसके पूर्व रात्रि ८ बजे से सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को बरगवां स्थित निर्मल सत्य गार्डन में भोजन की व्यवस्था भी पार्टी के द्वारा की गई है। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया है कि भोपाल जाने वाले कार्यकर्ता निर्मल सत्य गार्डन पहुंच कर भोजन के बाद रवाना हों। इस ट्रेन में कटनी जिले की चारों विधानसभाओं के लिए दो-दो बोगियां आरक्षित की गई हैं। इसके अलावा विजयराघवगढ़ के प्रमुख क्षेत्रों के नाम से बोगियां रिजर्व हैं। यह ट्रेन कल २५ सितंबर को भोपाल के हबीबगंज स्टेशन में सुबह साढ़े ६ बजे पहुंचेगी। विजयराघवगढ़ एक्सप्रेस नाम की यह स्पेशल ट्रेन कटनी जिले की चारों विधानसभाओं के भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर भोपाल जाएगी। यह ट्रेन २५ सितंबर को रात्रि १० बजे हबीबगंज से प्रस्थान करेगी जो २६ सितंबर को सुबह साढ़े ६ बजे वापस मुड़वारा पहुंचेगी।
बोगियों में संगीत मंडली और भोजन नाश्ते की व्यवस्था
इस ट्रेन में सभी बोगियो में संगीत मंडलियो के द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के मनोरंजन के साथ उन्हें पार्टी के सिद्धांत एवं विकास योजनाओं की जानकारी रोचक ढंग से दी जाएगी। इसके साथ ही सभी बोगियों में भोजन नाश्ते पानी इत्यादि की भी व्यवस्था रहेगी।
बोगियो के ये रहेंगे नाम
खास बात यह है कि विजयराघवगढ़ स्पेशल नामक इस ट्रेन की बोगियो के नाम भी विजयराघवगढ़ विधान सभा के क्षेत्रों एवं ग्रामों नगर पंचायतो के नाम पर रहेंगे। जैसे कैमोर, विजयराघवगढ़, खितौली, बरही, सिनगौड़ी इत्यादि। साथ ही कटनी बड़वारा बहोरीबंद विधानसभा के नाम से भी बोगियां होंगी। यह पहला मौका है जब कटनी से इस तरह कार्यकर्ता स्पेशल ट्रेन से कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने के लिए रवाना होगें। वरिष्ठ भाजपा जनों ने अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं से भोपाल पहुंचने की अपील की है। ट्रेन के अलावा विभिन्न विधानसभाओं में बसों के माध्यम से भी कार्यकर्ता भोपाल जा रहे हैं।








