FEATURED

15 साल के लड़के को देखते ही देखते निगल गया मगरमच्‍छ

पीलीभीत में नदी में भैंस को पानी पिलाने गए 15 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ निगल गया।

उसके साथ गए तीन अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेमरखेड़ा निवासी लीलाधर का 15 वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश बुधवार शाम पांच बजे खकरा नदी की ओर गया था। वह घर से अपनी भैंस को पानी पिलाने के लिए नदी की तरफ ले गया।

उसके साथ गांव के दो-तीन लड़के और मौजूद थे। तभी खकरा नदी के किनारे पहले से बैठे मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। बच्चों ने शोर मचा दिया। पर मगरमच्छ ओमप्रकाश को खींचकर नदी के अंदर ले गया।

बाकी घबराए बच्चों ने घर जाकर परिजनों और ग्रामीणों को जानकारी दी। उसके बाद तमाम ग्रामीण खकरा नदी की तरफ दौड़ पड़े। सूचना पर सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम, इंस्पेक्टर कोतवाली अतर सिंह मय फोर्स पहुंचे और किशोर को ढूंढने का प्रयास किया।

बाद में सामाजिक वानिकी के डीएफओ भी रेस्क्यू टीम के साथ खकरा नदी तट पर पहुंचे। सीओ सिटी ने बताया की रेस्क्यू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम