14 दिसम्बर को होगी स्विल माइंस की अचल संपत्ति की नीलामी
कटनी। स्विल माइंस कंपनी लिमिटेड की चल और अचल संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रथम चरण में मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित आनंद बिहार कालोनी के 7 बंगलों में रखी चल संपत्ति की नीलामी 14 दिसम्बर को की जा रही है।
वाणिज्यकर विभाग ने इसकी कार्यवाही शुरू कर दी है।
नीलामी की प्रकिय्रा के तहत वाणिज्यकर विभाग के अधिकारियों ने आज दोपहर आनंद बिहार कालोनी पहुंचकर सालों से बंद पड़े बंगलों के तालों को खोलकर यहां पर रखी अचल संपत्ति को आम जनता के देखने के लिए रखा है। गौरतलब है कि स्लीमनाबाद के समीप ग्राम गुदरी में स्विल माइंस कंपनी लिमिटेड पिछले कई सालों से बंद पड़ी हुई है।
बताया जाता है कि खदान से उच्च कोटि का मार्बल नहीं निकलने के बाद कंपनी ने कटनी में अपना व्यवसाय बंद कर दिया था लेकिन इस समय तक कंपनी के ऊपर करीब 1 अरब 29 करोड़ 9 लाख 61 हजार 211 का टैक्स बकाया था। जिसे वसूल करने के लिए वाणिज्यकर विभाग ने स्विल माइंस कंपनी लिमिटेड के मदन मोहन चौबे वार्ड आनंद बिहार कालोनी स्थित 7 बंगलों, वाहनों और गुदरी व पिपरौंध स्थित कंपनी के ऑफिस को राजसात कर लिया था। आनंद बिहार कालोनी के सात बंगलों में 2 गेस्ट हाऊस भी थे, जहां कंपनी के अधिकारियों का आवास था। बताया जाता है कि वाणिज्य कर विभाग ने स्विल माइंस कंपनी की चल और अचल संपत्ति की नीलामी के लिए कार्यवाही शुरू कर दी है और प्रथम चरण में 14 दिसम्बर को अचल संपत्तियों की नीलामी की जा रही है।
अधिकारी पहुंचे, कार्यवाही शुरू
बताया जाता है कि वाणिज्यकर विभाग द्वारा आनंद बिहार स्थित स्विल माइंस के बंगलों में रखे समान की नीलामी के लिए मकानों को देखने के लिए खोला गया है। जिसकी नीलामी 14 दिसम्बर को होना है। इस दौरान वाणिज्यिकर अधिकारी कटनी वृत्त-1 मनीष महारणवर, राज्यकर अधिकारी चंद्रशेखर मरकाम, निरीक्षक अनिल बनाफर, अनिल जैन, अमरपाल सिंह, रवि तिवारी, संगीत मरावी, बेगम मरावी, विशाल मूलचंदानी की उपस्थिति रही।

