सनराइजर्स को हराकर केकेआर प्लेऑफ में पहुंचा

हैदराबाद। क्रिस लिन की फिफ्टी (55) की मदद से कोलकाता नाइटराइडर्स ने शनिवार को आईपीएल 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने 2 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। अब केकेआर के 14 मैचों से 16 अंक हो गए और उसने प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया। सनराइजर्स 18 अंकों के साथ पहले ही प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित कर चुका है।
अब तीन टीमें (सनराइजर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और केकेआर) प्लेऑफ में जगह बना चुकी है। शेष बचे एक स्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन के बीच जद्दोजहद जारी है।
मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरे केकेआर को लिन और नरेन ने तूफानी शुरुआत दिलाई। नरेन 10 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर शाकिब के शिकार बने। उन्होंने लिन के साथ 53 रन जोड़े। लिन ने संदीप शर्मा की गेंद पर छक्का लगाते हुए फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 36 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से अर्द्धशतक पूरा किया। क्रिस लिन 55 रन बनाकर सिद्धार्थ कौल के शिकार बने, वे मनीष पांडे को कैच थमा बैठे। ब्रैथवेट ने रॉबिन उथप्पा को गोस्वामी के हाथों झिलवाकर केकेआर को तीसरा झटका दिया। उथप्पा ने 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। आंद्रे रसेल 4 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दिनेश कार्तिक (26 नाबाद) और शुभमन गिल (0 नाबाद) ने जीत की औपचारिकताएं पूरी की।
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शिखर धवन और श्रीवत्स गोस्वामी ने सनराइजर्स को शनादार शुरुआत दिलाई। इन्होंने पहले विकेट के लिए 79 रन जोड़े, जो सनराइजर्स की तरफ से इस सत्र में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। कुलदीप ने गोस्वामी (35) को रसेल के हाथों झिलवाकर इस साझेदारी को तोड़ा। पिछले मैच में जोरदार पारी खेलने वाले केन विलियम्सन 36 रन बनाकर सियरलेस के शिकार बने। धवन ने कुलदीप की गेंद पर 1 रन लेकर फिफ्टी पूरी की, वे 38 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से इस मंजिल तक पहुंचे। धवन 50 रन बनाने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। यूसुफ पठान मात्र 2 रन बनाकर सुनील नरेन के शिकार बने।
सनराइजर्स ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव कर एलेक्स हेल्स और बासिल थंपी की जगह भुवनेश्वर कुमार और कार्लोस ब्रैथवेट को शामिल किया। केकेआर ने एक बदलाव कर शिवम मावी की जगह पीयूष चावला को मौका दिया।
कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) शनिवार को आईपीएल 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले को हर हाल में जीतना चाहेगा। केकेआर चाहेगा कि इस मैच को जीतकर प्लेऑफ में शान से प्रवेश किया जाए। इस मैच की हार के बाद उसे प्लेऑफ के लिए दूसरे मैचों के परिणाम पर निर्भर रहना होगा।
सनराइजर्स 13 मैचों से 18 अंकों के साथ पहले ही प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित कर चुका है। सनराइजर्स शुरुआती 11 मैचों में से 9 मैच जीत चुका था, लेकिन पिछले दो मैचों में उसे हार झेलनी पड़ी है, इसके चलते प्लेऑफ से पहले केन विलियम्सन चाहेंगे कि उनकी टीम इस मैच में जत हासिल करे। केन विलियम्सन की धमाकेदार पारी के बावजूद टीम को पिछले मैच में आरसीबी से शिकस्त मिली थी। टॉप पर चल रही सनराइजर्स जीत की राह पर लौटने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।
केकेआर अभी 13 मैचों से 14 अंकों के साथ तीसरे क्रम पर है। दिनेश कार्तिक चाहेंगे कि टीम यह मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित कर ले क्योंकि इस मैच की हार उनके अभियान को खतरे में डाल सकती है। इस मैच की हार के बाद टीम को अन्य मैचों के परिणाम पर निर्भर रहना होगा। इसके चलते केकेआर इस मैच में पूरी ताकत लगाएगी।
इनके बीच हुए पिछले मैच में सनराइजर्स ने जीत दर्ज की थी। भुवनेश्वर कुमार और बिली स्टेनलेक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केकेआर को 138/8 पर रोका। इसके बाद विलियम्सन की फिफ्टी की मदद से सनराइजर्स ने 1 ओवर शेष रहते जीत दर्ज की।







