FEATUREDLatest

हाईकोर्ट ने कंगना के ऑफिस में तोड़फोड़ पर रोक लगाई, कंगना बोलीं- मुंबई को PoK कहकर गलती नहीं की

बीएमसी की कार्रवाई के खिलाफ कंगना को हाईकोर्ट से राहत मिल गई। कोर्ट ने कार्रवाई पर रोक लगा दी। अब अगली सुनवाई गुरुवार दोपहर 3 बजे होगी।

कंगना रनोट के हिमाचल से मुंबई पहुंचने से पहले ही बवाल हो गया। वे दोपहर तक मुंबई पहुंचेंगी। इसके पहले ही बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने उनके मुंबई स्थित ऑफिस में अवैध निर्माण को लेकर 24 घंटे में दूसरा नोटिस भेजा। इसके बाद ही बीएमसी की एक टीम जेसीबी मशीन, क्रेन और हथौड़े लेकर पहुंच गई और ऑफिस में तोड़फोड़ की। टीम ने कार्रवाई 10.30 बजे से 12.40 बजे तक की। कंगना का यह ऑफिस बांद्रा के पाली हिल में है।

उधर, कंगना ने इस कार्रवाई पर लगातार 5 ट्वीट किए। उन्होंने कहा, ‘यह एक इमारत (ऑफिस) नहीं, राम मंदिर है, आज वहां बाबर आया है। उन्होंने कहा कि दुश्मनों ने साबित किया कि मुंबई को पीओके कहकर गलती नहीं की।’

दरअसल, एक्ट्रेस ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था। केंद्र ने उन्हें Y कैटेगरी की सुरक्षा दी है, इस दौरान 11 सुरक्षाकर्मी हमेशा उनके साथ रहेंगे। उधर, बीएमसी की कार्रवाई के खिलाफ कंगना को हाईकोर्ट से राहत मिल गई। कोर्ट ने कार्रवाई पर रोक लगा दी। अब अगली सुनवाई गुरुवार दोपहर 3 बजे होगी।

कंगना ने कहा कि मेरे आने से पहले ही महाराष्ट्र सरकार और उनके गुंडे मेरे ऑफिस के बाहर पहुंच गए हैं और उसे गिराने की तैयारी कर रहे हैं।

कंगना ने कार्रवाई पर पाकिस्तान का जिक्र करते इसे डेथ ऑफ डेमोक्रेसी कहा।

Back to top button