
बीजेपी सांसद सुब्रमणयम स्वामी ने कहा है कि उनके पास ऐसे दस्तावेज हैं, जो ये बताते हैं कि जिस प्रॉपर्टी पर ताजमहल बना है वो मुगल सम्राट शाहजहां ने जयपुर के राजाओं से हड़पी थी.
स्वामी ने संवाददाताओं को बताया कि इस बात के सबूत ऑन रिकॉर्ड मौजूद हैं कि शाहजहां ने जयपुर के राजा-महाराजाओं को उस जमीन को बेचने पर मजबूर किया था, जिस पर ताजमहल खड़ा है. और मुआवजे के तौर पर उन्हें गांव दिए गए, जोकि उस प्रॉपर्टी की वेल्यू के आगे कुछ भी नहीं है, जिस पर ताजमहल बना है.
साथ ही उन्होंने कहा कि वो जल्द ही सबूतों की कॉपी मीडिया में जारी करेंगे. बीजेपी सांसद ने कहा, दस्तावेज बताते हैं कि प्रॉपर्टी पर एक मंदिर भी था. हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि मंदिर को गिराकर ताजमहल बनाया गया था.
स्वामी ने आगे कहा कि बीजेपी की ताजमहल को गिराने की कोई मंशा नहीं है. लेकिन मुस्लिम शासन के दौरान गिराए गए हजारों मंदिरों में से वो सिर्फ तीन मंदिर चाहते हैं. उन्होंने कहा, हमें सिर्फ तीन मंदिर चाहिए, अयोध्या में राम मंदिर, मथुरा में कृष्ण मंदिर और वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर.








