सड़क के बाद साफ -सफाई में भी अमेरिका को कटघरे में खड़ा किया शिवराज ने
भोपाल।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिका में मप्र की सड़क पर दिए बयान को लेकर आक्रामक रुख अपनाया है। रविवार को अमेरिका यात्रा से लौटे शिवराज ने अपने बयान को सही ठहराते हुए कहा कि मैं मप्र की ब्रांडिंग करने के लिए अमेरिका गया था। किसी गली की खराब सड़क की बात करने नहीं। अमेरिका के कई अध्ययन में बताया गया है कि वाशिंगटन की 92 प्रतिशत सड़कों की हालत खराब है।
रविवार शाम को राजधानी लौटे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वागत करने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान समेत कई मंत्री और अन्य भाजपा पदाधिकारी स्टेट हैंगर पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत में शिवराज ने कहा कि वाशिंगटन एयरपोर्ट से जिस सड़क से मैं वाशिंगटन पहुंचा, उसका अनुभव मैंने साझा किया। इसके मुकाबले भोपाल-इंदौर सुपर कॉरिडोर की सड़क ज्यादा अच्छी है।
कांग्रेस पर हमला
महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता में मप्र आगे
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कई क्षेत्रों में मप्र को अमेरिका से आगे बताया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के मामले में मप्र अमेरिका से बेहतर है, क्योंकि मप्र में महिलाओं को स्थानीय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण मिला है। इसके साथ ही स्वच्छता के मामले में भोपाल और इंदौर अमेरिका के न्यूयॉर्क से बेहतर हैं। भारत में जो अच्छा है, उसे डंके की चोट पर कहेंगे। जिसे लिखना है, लिखे।
पांच लाख में होगा थैलीसीमिया का ऑपरेशन
मुख्यमंत्री शिवराज ने अमेरिका यात्रा की जानकारी देते हुुए बताया कि 400 डॉक्टर्स की एक टीम मप्र आकर लोगों का इलाज करना चाहती है। इसके साथ ही थैलीसीमिया के इलाज के लिए मप्र के डॉक्टरों को ट्रेनिंग के लिए अमेरिका भी भेजा गया है। इंदौर के एमवाय अस्पताल में थैलीसीमिया के ऑपरेशन थिएटर बनकर तैयार हो गए हैं। अमेरिका के कुछ डॉक्टर 2018 के अप्रैल-मई में आएंगे और ऑपरेशन करेंगे। सामान्यत: थैलीसीमिया के ऑपरेशन में 15 से 20 लाख रुपए लगते हैं, लेकिन इंदौर के एमवाय अस्पताल में सिर्फ पांच लाख रुपए खर्च आएगा। इसके अलावा इंदौर के गोविंदराम सेकसरिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बन रहे इनक्यूबेशन सेंटर में न्यूयॉर्क यूनीवर्सिटी मदद करेगी।
स्वागत में उमड़े भाजपा कार्यकर्ता
अमेरिका से लौटे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत के लिए राजधानी के सैकड़ों कार्यकर्ता स्टेट हैंगर पहुंचे। इसके साथ ही स्टेट हैंगर से सीएम हाउस तक जगह-जगह मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। स्टेट हैंगर पर हुई सभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सात दिन कार्यकर्ताओं से दूर रहा, इसलिए मिलने की इच्छा थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी गुलामी की मानसिकता में जी रही है।








