
नई दिल्ली। स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन (एसएसपीएफ) “शिक्षा और खेल” को साथ लेकर चलने की सोच पर अमल करते हुए स्कूल इंडिया कप का आयोजन करता है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा, एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता एथलीट चार्ल्स बोरोमिओ और भारतीय बॉलीबॉल टीम के पूर्व कप्तान ओमप्रकाश ने मिलकर स्कूल इंडिया कप के तीसरे सत्र की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का उद्घाटन किया।
स्कूल इंडिया कप देश का प्रतिष्ठित स्कूली टूर्नामेंट है जिसमें पांच तरह के स्कूल गेम्स क्रिकेट, फटबॉल, एथलेटिक्स, वालीबॉल और बास्केटबॉल को शामिल किया गया है। चेतन शर्मा ने कहा कि स्कूली बच्चे या कोई स्कूल एसएसपीएफ डॉट इन पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। एसएसपीएफ ने खेल मंत्रालय और मानव संसाधन मंत्रालय की सहायता से भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के साथ मिलकर नेशनल टैलेंट सर्च एंड नर्चरिंग (एनटीएसएन) प्रोग्राम शुरू किया था। इसका मकसद देश के छोटे से छोटे शहरों और गलियों से युवा प्रतिभाओं को निखारना है।
एसएसपीएफ के मुखिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलों के लिए बनाई गई टास्क फोर्स के सदस्य ओम पाठक ने कहा कि हमारी दूरदर्शिता और लक्ष्य बहुत बड़ा और महत्वकांक्षी है जिससे भारत शिक्षा की तरह खेलों में भी चैंपियंस की तरह खड़ा हो सके। इस चैंपियनशिप द्वारा चयनित प्रतिभाओं को एसएसपीएफ के कुशल और काबिल कोचों की देख रेख में ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही 12वीं तक की पढ़ाई का भी सर्वश्रेष्ठ प्रबंध किया जाएगा।
टैलेंट हंट का आयोजन अंडर-16 खिलाड़ियों के लिए होगा जो करीब सभी राज्यों में तीन स्तरीय संरचना (जिला, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर) के आधार पर होगा। ओलंपियन चार्ल्स ने कहा, “स्कूल इंडिया कप की पहल स्कूल-एथलीटों को एक मजबूत इको-सिस्टम प्रदान करेगी खासकर की उनके लिए जो खेल के लिए जुनूनी हैं और उसे अपने करियर के रूप में भी देखते है।”
क्रिकेटर चेतन शर्मा ने इस मौके पर कहा कि, हमारे भविष्य के चैंपियन स्कूलों में हैं और मैं देश में स्कूल क्रिकेट के विकास पर काम करने के लिए स्कूल इंडिया कप से जुड़कर बेहद खुश हूं। हमारा लक्ष्य स्कूल-एथलीटों के लिए एक सकारात्मक अनुभव प्रदान करना है। ध्यानचंद अवॉर्डी ओम प्रकाश ने कहा कि यह प्रतियोगिता देश के स्कूलों में युवा प्रतिभा को तैयार करने का एक शानदार प्लेफॉर्म है।







