Thursday, May 14, 2026
Latest:
LatestPoliticsविधानसभा चुनाव 2018

2 साल बाद चुनावी मैदान में नजर आएंगी सोनिया गांधी

बीजापुर (कर्नाटक)। कर्नाटक में चुनाव प्रचार चरम पर है और सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने मैदान संभाल रखा है। 8 मई, मंगलवार का दिन कांग्रेस के लिए बेहद खास होगा, क्योंकि पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी करीब दो साल बाद चुनाव मैदान में नजर आएंगी। सोनिया बीजापुर में रैली को संबोधित करेंगी।

जानकारी के मुताबिक, सोनिया ने पिछली बार 2 अगस्त 2016 को वाराणसी में रोड शो किया था। उसी दौरान तबीयत खराब होने के बाद चुनाव प्रचार से दूरी बना ली थी। वहीं, राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद भी यह पहली बार है, जब सोनिया चुनाव प्रचार करने जा रही हैं।

71 साल की सोनिया ने इससे पहले पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर (फरवरी-मार्च 2017), गुजरात और हिमाचल प्रदेश (दिसंबर 2017), त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड (फरवरी 2018) में प्रचार नहीं किया था। सोनिया 1998 में सक्रिय राजनीति में आई थीं और यह पहला मौका है जब वे इतने लंबे समय तक चुनाव प्रचार से दूर रहीं। उन्होंने 11 जनवरी 1998 में अपना पहला चुनावी दौरा किया था। तब तमिलनाडु में एक रैली को संबोधित किया था।

बहरहाल, कर्नाटक के कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सोनिया के रैली से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और मतदाताओं को भी बड़ा संदेश जाएगा। कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों पर 12 मई को एक चरण में मतदान होगा। वहीं मतगणना 15 मई को होगी।

पीएम मोदी भी इसी जिले में करेंगे रैली

भाजपा खेमे से खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंगलवार को बीजापुर जिले में रहेंगे और रैली को संबोधित करेंगे। सोनिया गांधी विजयपुरा में दोपहर 3.30 बजे रैली करेंगी। मोदी की सभा सुबह करीब 11.30 बजे होना है।

चर्चा है कि विजयपुरा में भाजपा और कांग्रेस की सीधी टक्कर है। इसलिए दोनों दलों ने पूरा ताकत लगा दी है। कर्नाटक के इस उत्तरी हिस्से की विधानसभा सीटों पर जेडीएस का प्रभाव कम है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply