जेल गेट से पुलिस अभिरक्षा में फरार तीनों आरोपी गिरफ्तार, कटनी पुलिस को मिली सफलता,एक आरोपी को घटना के चंद घंटों बाद ही पकड़ा, शेष दो को घेराबंदी कर संभावित ठिकानों से किया गिरफ्तार

IMG 20261114 WA0017

जेल गेट से पुलिस अभिरक्षा में फरार तीनों आरोपी गिरफ्तार, कटनी पुलिस को मिली सफलता,एक आरोपी को घटना के चंद घंटों बाद ही पकड़ा, शेष दो को घेराबंदी कर संभावित ठिकानों से किया गिरफ्ता

 

कटनी। जिला जेल कटनी के मुख्य गेट के बाहर से पुलिस अभिरक्षा के दौरान फरार हुए तीनों आरोपियों को कटनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही पकड़ लिया था, जबकि फरार शेष दो आरोपियों को भी घेराबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य की मॉनिटरिंग में थाना माधवनगर एवं बहोरीबंद पुलिस की टीमों ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राकेश वाल्मीकि (45), रंजीत वाल्मीकि (26) एवं अभिषेक वाल्मीकि (22), तीनों निवासी बिछियाकाप, थाना बहोरीबंद शामिल हैं। इनके विरुद्ध तहसीलदार न्यायालय बहोरीबंद द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 एवं 126 के तहत कार्रवाई करते हुए जेल वारंट जारी किया गया था।

जेल में दाखिल कराने के दौरान तीनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए थे। पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और रंजीत वाल्मीकि को घटना के चंद घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शेष दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और घेराबंदी कर उन्हें भी पकड़ लिया गया।

पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में तीनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1185/26, धारा 262 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।