सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में मार गिराए 12 नक्सली

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की सीमापर बीजापुर के पास मुठभेड़ में कम से कम 12 नक्सली मारे गए जबकि एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी खबर है। यह कार्रवाई तेलंगाना पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस ने संयुक्त तौर पर की। स्पेशल डीजी डीएम अवस्थी ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान में मिली इस सफलता की जानकारी दी है।
नक्सली सुरक्षाबलों को बना रहे हैं निशाना
बता दें कि छत्तीसढ़ के कई क्षेत्रों में नक्सली घात लगाकर सुरक्षाबलों को निशाना बना रहे हैं। हाल ही में नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन पुलिस जवान घायल हो गए थे। संयुक्त दल जब मुंगारी और दुलारगुफा के मध्य पहाड़ी में था तभी घात लगाए नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी थी। 25 फरवरी को भी नक्सलियों ने विस्फोट कर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के दो जवान को जख्मी कर दिया था। घायलों में एक सहायक प्लाटून कमांडर भी शामिल था। वहीं बीते 18 फरवरी को सुकमा में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए थे। शहीद जवानों में एक एसटीएफ और एक डीआरजी से जुड़े थे।






