मध्यप्रदेश

टीकमगढ़ जिले में बस पलटी, चार की मौत, दो दर्जन घायल

टीकमगढ़ । स्यावनी-मैंदवारा रोड पर एक मोड़ के पास सोमवार सुबह 11 बजे एक तेज रफ्तार बस नियंत्रण खोने से अचानक सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक घटना में चार यात्रियों की मौत हुई है। जिसमें घटनास्थल पर दो यात्रियों की मौत हुई हैं वहीं एक यात्री की जतारा अस्पताल और दूसरे की झांसी मेडीकल में इलाज के दौरान मौत हुई है। 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। जिन्हें जतारा, टीकमगढ़ और झांसी मेडीकल में भर्ती कराया गया है।

इस दर्दनाक घटना में बस का कंडक्टर भी घायल हो गया है। ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि शारदा टेवल्स कंपनी की बस टीकमगढ़ से रानीपुर के बीच चलती है। आज सुबह 9 बजे यह बस रानीपुर से चलती हुई स्यावनी और मैंदवारा रोड पर आ रही थी जहां इस रोड की मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। चालक शराब पीकर गाड़ी चला रहा था। जिससे सड़क किनारे यात्री बस पलट गई।

इस घटना में शांतिबाई 55 साल निवासी पचौरा, गीता अहिरवार 45 साल निवासी दिगौड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हरदयाल बंशकार 45 साल निवासी नुना की जतारा अस्पताल में मौत हो गई। इसी प्रकार बृजलाल कुशवाहा 55 साल निवासी मैंदवारा की झांसी मेडीकल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना में यह हुए घायल

फूलबती अहिरवार, काशीराम अहिरवार, हरिचरण रैकवार कंडेक्टर, ग्यासी बाई और रजन कुशवाहा सहित अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एसडीओपी जतारा, थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह ठाकुर और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचवाया। पुलिस द्वारा समय पर पहुंचकर सभी घायलों की इलाज की व्यवस्था बनाई गई। पुलिस ने बस को जब्त कर आगामी कार्रवाई शुरू की है। वहीं पूर्व राज्यमंत्री हरिशंकर खटीक भी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र भिजवाने की व्यवस्था बनवाई।

Leave a Reply

Back to top button