
कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी शहर के बस स्टैंड इलाके में शनिवार सुबह भीषण आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। सुबह करीब 5:40 बजे लोगों ने सूचना दी कि बस स्टैंड पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड परिसर में स्थित एक पान मसाले की दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को तुरंत अवगत कराया गया और फायर वाहन व टीम को मौके पर रवाना किया गया।
फायर टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और दो दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। जानकारी के अनुसार, आग दीपक श्रीवास्तव की पान मसाले की दुकान में लगी, जो देखते ही देखते पास की चाय-नाश्ते की दुकान तक फैल गई।
7 से 8 लाख रुपए के नुकसान की आशंका
चाय-नाश्ते की दुकान में रखे फ्रिज, हीटर सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक आकलन में दुकान संचालकों को करीब 7 से 8 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई गई है। घटना के समय दुकानें बंद होने से कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारणों की जांच जारी है। मौके पर पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।







