सिंगरौली में दो मालगाड़ियों में भिड़ंत, दो लोको पायलट समेत तीन की मौत

सिंगरौली। सिंगरौली में सासन के पास एनटीपीसी रिहंद के लिए अमलोरी से कोयला लेकर जाने वाली और रिहंद पावर प्लांट से कोयला खाली कर आने वाली मालगाड़ी की आमने- सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों ट्रनों के लोको पायलट और एक पायलट समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना से परियोजना को भारी नुकसान हुआ है। घटना रविवार सुबह 4.30 बजे बैढ़न से 2 किमी पहले गनियारी के पास बीजपुर रेलवे क्रॉसिंग पर हुई।
दोनों मालगाड़ियों के कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए हैं। एनटीपीसी और जिला प्रशासन ने रेस्क्यू कर तीन घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। दुर्घटना को लेकर एनटीपीसी और जिला प्रशासन ने जांच के आदेश जारी किए हैं। एडीएम सिंगरौली ऋषि पवार ने मृतक परिवार को तत्काल 25, 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी है। साथ ही मामले की उच्चस्तरीय जांच करने के निर्देश भी दिए हैं।
इस कारण हुई घटना
सिंगरौली जिले के अमलोरी एनसीएल खदान और एनटीपीसी रिहंद परियोजना से कोयला लेकर उत्तरप्रदेश के रिहंद (सोनभद्र) कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी उस समय सामने की ओर से आ रही मालगाड़ी से टकरा गई जब गनियारी के पास रेलवे क्रॉसिंग पर दूसरी मालगाड़ी को भी सिग्नल दे दिया गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ही मालगाड़ियों के इंजन और डिब्बे ट्रैक से दूर जा गिरे। हादसे के बाद राहत और बचाव के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया गया। देर शाम तक ट्रैक पर से दोनों मालगाड़ियों के इंजन और डिब्बों को हटा लिया गया था।
ये हैं मृतक
मृतकों में पायलट रशीद अहमद (60) निवासी चुनार, मिर्जापुर उत्तर प्रदेश, लोको पायलट मनदीप प्रजापति (27) निवासी सोनभद्र उत्तर प्रदेश व लोको पायलट राम लक्ष्मण वैश्य (25) निवासी सिंगरौली शामिल हैं।
इनका कहना है
यह घटना रेलवे की नहीं है। बल्कि कोयले का परिवहन करने के लिए एनटीपीसी ने खुद की पटरियां बिछाई हैं। लिहाजा इस घटना से भारतीय रेलवे का लेना-देना नहीं है ।
राजेश कुमार, पीआरओ ईस्ट सेंट्रल रेलवे
घटना क्यों हुई ? इसकी जांच एनटीपीसी और जिला प्रशासन भी करा रहा है। जांच के बाद दोषी कौन है? यह तय किया जाएगा। पीड़ित परिवार को कंपनी नियम के अनुसार मदद दी जाएगी।
टीके विद्यार्थी, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली
एडीएम ऋषि पवार को मौके पर भेजा था। मृतक के परिजन को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 25, 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं ।
केवीएस चौधरी, कलेक्टर, सिंगरौली
सिंगरौली के चितरंगी में खाई में गिरी पिकअप, 2 की मौत, 11 घायल
उधर सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना अंतर्गत बकनिया के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज के लिए अस्पताल के लिए रवाना किया गया है। एडिशन एसपी प्रदीप शिंदे के अनुसार ये सभी मिर्जापुर से चलकर बरगवा डगा जा रहे थे, इसी दौरान ये हादसा हो गया।








