सायना इनविटेशनल कप-पहले मैच में इंदौर की शानदार जीत

कटनी। तृतीय सायना इनविटेशनल कप का पहला मुकाबला रीवा और केवायसी इंदौर के बीच आज शनिवार को खेला गया।
पहले मैच में इंदौर की शानदार जीत
9 विकेट से हराया रीवा को, आज यूपीसीए और बिलासपुर के बीच मुकाबला
तृतीय सायना इनविटेशनल कप जिसमें इंदौर की टीम ने गेन्दबाजी और बल्लेबाजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रीवा को 9 विकेट से आसानी से हरा दिया। इंदौर टीम के कप्तान कपिल यादव ने टॉस जीतकर पहले गेन्दबाजी करने का निर्णय लिया।
उनका यह निर्णय उस सही साबित हुआ, जब रीवा के खिलाड़ी एक के बाद गलत शॉट खेलकर पैवेलियन लौटने लगे।
रीवा की ओर से चेन्नई सुपर किंग्स और भारतीय टीम से खेल चुके ईश्वर पांडे ने क्रीज पर कुछ देर रूककर अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण 22 रनों का योगदान दिया और जगदीप वाबेजा के 23 रनों की बदौलत टीम का स्कोर सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया। रीवा की पूरी टीम 18वें ओवर में 82 रन बनाकर आल आउट हो गई। इंदौर की ओर से कप्तान कपिल यादव ने घातक गेन्दबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा अतुल ने 3 विकेट लिए।
जबावी पारी खेलने उतरी इंदौर की टीम ने पारी के 11वे ओव्हर में मात्र एक विकेट खोकर 83 रनों का लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इंदौर की ओर से रणजी खिलाड़ी धर्मेश पटेल ने शानदार अर्धशतक (नाबाद 54) बनाया।
कप्तान कपिल यादव ने नाबाद 15 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। रीवा की ओर से एकमात्र विकेट ईश्वर पांडे ने लिया। आज के मैच में अंपायरिंग संदीप बक्श और नितिन त्रिपाठी ने की।
झंडावंदन कर टूर्नामेंट का उद्घाटन
इसके पहले समारोह के मुख्य अतिथि मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. निशिथ पटेल, राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक, महापौर शशांक श्रीवास्तव, नगर निगम अध्यक्ष संतोष शुक्ला व भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी ने झंडा वंदन कर टूर्नामेंट का शुभारंभ कराया।
इंदौर कप्तान कपिल यादव मैन ऑफ द मैच
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. निशिथ पटेल, राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक, महापौर शशांक श्रीवास्तव, नगर निगम अध्यक्ष संतोष शुक्ला व भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी मंचासीन रहे। इंदौर टीम के कप्तान कपिल यादव को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार 5100 रूपए नगद एवं ट्राफी प्रदान की गई। टूर्नामेंट का अगला मैच आज 3 जून रविवार को अपरान्ह 3 बजे से बिलासपुर और उत्तरप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला जाएगा। सायना ग्रुप ने शहर के क्रिकेट प्रेमियों से फारेस्टर प्लेग्राउण्ड में पहुंचकर मैचों का लुत्फ उठाने की अपील की है।
युवा प्रतिभाओं को मिलेगा मौका : निशिथ पटेल
मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. निशिथ पटेल ने कहा कि कटनी में इस तरह के टूर्नामेंट के आयोजन से युवा प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। सायना ग्रुप द्वारा फारेस्टर प्लेग्राउण्ड में टूर्नामेंट का आयोजन सराहनीय प्रयास है। शहर के साथ ही ग्रामीण अंचल क्षेत्रों में भी इस तरह के टूर्नामेंट आयोजित होते रहना चाहिए। इन टूर्नामेंटों में बड़े खिलाडिय़ों को देखकर कटनी के खिलाडिय़ों को आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। 
कटनी के खिलाड़ी होंगे प्रोत्साहित : संजय पाठक
राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि इस टूर्नामेंट को आयोजित करने का एकमात्र उद्देश्य कटनी के खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करना है। अंर्तराष्ट्रीय स्तर की टीमें और खिलाड़ी जब कटनी में आकर खेलेेंगे तो यहां के खिलाडिय़ों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। मैं चाहता हंू कि आने वाले समय में कटनी जिले से युवा प्रतिभाएं प्रदेश और देश में कटनी का प्रतिनिधित्व करें और नाम रोशन करें। शहर के साथ ही ग्रामीण अंचल क्षेत्रों में भी क्रिकेट को बढ़ावा देने और युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवाओं को 550 क्रिकेट किट वितरित की गई है और गांव-गांव इस समय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित हो रहे हैं और युवा प्रतिभाओं को अपने प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हो रहा है। श्री पाठक ने इस टूर्नामेंट के आयोजन के लिए सायना ग्रुप को बधाई दी।
ऐसे आयोजनों से निखरती है प्रतिभाएं : शशांक श्रीवास्तव
महापौर शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवा प्रतिभाओं को एक अवसर मिलता है। इस टूर्नामेंट में देश और अंर्तराष्ट्रीय स्तर की टीमें आ रही हैं। यकीनन इन टीमों के कटनी आने से शहर की प्रतिभाओं को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। फारेस्टर प्लेग्राउण्ड में अंर्तराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का आयोजन कर सायना ग्रुप ने एक सराहनीय पहल की है। मैं इसके लिए आयोजकों को बधाई देता हंू।
एमपी में सबसे अच्छा टूर्नामेंट कटनी में : कपिल यादव
केवायसी इंदौर टीम के कप्तान कपिल यादव ने कहा कि कि मध्यप्रदेश में सबसे अच्छा टूर्नामेंट कटनी में ही आयोजित होता है। कटनी में ग्राउण्ड के साथ पिच काफी अच्छी है और आयोजन समिति द्वारा टीमों और खिलाडिय़ों को अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
टूर्नामेंट का आयोजन सराहनीय प्रयास
रीवा टीम के कप्तान अंर्तराष्ट्रीय खिलाड़ी ईश्वर पांडे ने कहा कि कटनी में टूर्नामेंट का आयोजन सराहनीय प्रयास है। आयोजन समिति द्वारा टूर्नामेंट को सफल बनाने काफी मेहनत की गई है। श्री पांडे ने कहा कि पिच काफी अच्छी है और इसमे बल्लेबाजी और गेन्दबाजी दोनों के लिए काफी मदद है।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष संतोष शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी गोपाल शर्मा, भाजपा नेता करण सिंह चौहान, डी डी बैनर्जी, सायना ग्रुप के अध्यक्ष संदीप बाजपेयी पप्पू, आशीष पाठक, पार्षद मनीष पाठक, गुड्डा जैन, नाजिम खान, सुबीर चतुर्वेदी, प्रेम प्रकाश दीक्षित, राजू शर्मा, बिल्लू शर्मा, सचिन तिवारी, अभिषेक जायसवाल, साकेत अग्रवाल, सुदामा गंगवानी, हरीशंकर बाजपेयी, विभाष पाटिल, शांतनु बैनर्जी, भागीरथ कचेर, वरिष्ठ पत्रकार अशोक पृथ्यानी, गोपाल सिंघानिया, शैलेष पाठक, आशीष रैकवार, विवेक शुक्ला, रोहित सेन, सुनील यादव, रोहित सेन, सुभाष गर्ग आदि की उपस्थिति रही।








