Latestमध्यप्रदेश

सत्ता में वापस लौटने दफ्तर का वास्तुदोष दूर करेगी कांग्रेस

भोपाल। 14 साल से ज्यादा समय से सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस अब आने वाले चुनाव को लेकर तमाम प्रयास कर रही है। विधानसभा चुनाव वर्ष होने के कारण प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में वास्तुदोष दूर करने के उपाय किए जा रहे हैं। फिलहाल कार्यालय के भूतल के बाथरूमों को तोड़ दिया गया है। प्रवेश द्वार को लेकर पीसीसी के जिम्मेदार पदाधिकारी सोच-विचार कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक संगठन को मजबूत बनाने से लेकर दफ्तर के वास्तुदोषों की तरफ गंभीरता से ध्यान दिया जा रहा है। वास्तु के जानकारों की राय लेकर पीसीसी के कमरों में तोड़फोड़ की गई है। भूतल में मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा, प्रवक्ताओं जेपी धनोपिया, रवि सक्सेना, विभा पटेल और वरिष्ठ नेता महेश जोशी के कक्षों में बने बाथरूम तोड़ दिए गए हैं। मुख्य प्रवक्ता मिश्रा का कहना है कि वास्तु के मुताबिक ये बाथरूम गलत थे। दूसरी तरफ बने कक्षों में मौजूद बाथरूम वास्तु के हिसाब से सही हैं। प्रवेश द्वार को लेकर अभी सोच-विचार चल रहा है।

और भी हैं वास्तुदोष

पीसीसी में बेसमेंट में कबाड़ जैसा सामान भरा है और भवन में चार प्रवेश द्वार हैं। वास्तु के जानकार इसे गलत बताते हैं। वास्तु सलाहकार सुयष कुलश्रेष्ठ ने बताया कि बेसमेंट में कबाड़ भरे होने से उसमें बैठने वाले या काम करने वाले व्यक्तियों में नकारात्मक ऊर्जा आती है। साथ ही दो से ज्यादा प्रवेश द्वार होने पर स्थिरता नहीं होती। दो प्रवेश द्वार में से एक कार्यालय के प्रमुख या वीआईपी के लिए आरक्षित होना चाहिए और दूसरा प्रवेश द्वार आम लोगों के लिए होना चाहिए।

Leave a Reply

Back to top button