मध्यप्रदेश

सतना में अतिक्रमण हटाने गए दल पर हमला, आठ लोग घायल

सतना । ओवरब्रिज के नीचे बनी अवैध झुग्गियों पर अतिक्रमण हटाने गए सतना नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दल पर गुस्साई भीड़ ने हमला कर दिया।इसमें आठ लोगों को चोटें आई हैं।

निगम उपायुक्‍त का स्‍टेनो भी घायल

जानकारी के अनुसार इस हमले में निगम उपायुक्त विशाल सिंह के स्टेनो नंद किशोर तोमर समेत आठ लोग घायल हो गए। सर्किट हाउस चौराहे को सिविल लाइन से जोड़ने वाले ओवरब्रिज के दोनों ओर वीनस माल के पास वर्षों से अवैध रूप से बस्ती काबिज है। कई मर्तबा इस अतिक्रमण को हटाने का प्रयास पहले भी किया जा चुका है।

झुग्गियों के लोगों ने निगम की गुजारिश को दरकिनार कर दिया

बताया जाता है कि गुरुवार को फिर नगर निगम का अमला दल बल के साथ मौके पर पहुंचा। निगम अमले ने अतिक्रमण हटाने की अपील की लेकिन झुग्गियों के लोगों ने निगम की गुजारिश को दरकिनार कर दिया। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर निगम अमले ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। कुछ देर तो कार्रवाई जारी रही लेकिन अचानक लोगों ने लॉकडाउन के दौरान इस कार्रवाई का विरोध करते हुए पथराव शुरू कर दिया।

अतिक्रमण की कार्रवाई से खफा कुछ युवक ब्रिज पर चढ़ गए। इसके बाद चारों ओर से पथराव शुरू कर दिया। भीड़ ने जेसीबी में तोड़ फोड़ भी शुरू कर दी। झुग्गियों में रह रहे सैकड़ों की संख्या में लोगों ने निगम दस्ते और नगर सेना के जवानों को खदेड़ दिया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है।

Back to top button