संपत्ति कर में महिलाओं और बुजुर्गों को 30 फीसदी छूट, अब बचे हैं पांच दिन
पूर्वी दिल्ली नगर निगम में संपत्ति कर छूट का लाभ लेने के लिए आखिरी 5 दिन ही बाकी हैं। संपत्ति कर जमा कराने पर मालिकों को कर में छूट 31 जुलाई तक ही दी जाएगी।
निगम की आर्थिक हालत को सहारा देने के लिए संपत्ति कर अति महत्वपूर्ण है। इस बार लॉकडाउन को देखते हुए तीनों निगमों ने संपत्ति कर जमा करने की तिथि 31 जुलाई तक बढ़ा दी थी।
लॉकडाउन के कारण अकेले पूर्वी निगम में ही पहले के मुकाबले 40 फ़ीसदी कम राजस्व मिला है।
इस बार केवल 54 करोड़ रुपये मिल पाए हैं, जबकि पहले यह 90 करोड़ से अधिक था। 31 जुलाई तक संपत्ति कर जमा कराने में महिला और वरिष्ठ नागरिकों को 30 फ़ीसदी तक छूट दी जा रही है। सामान्य नागरिकों को 15 फीसदी तक छूट का प्रावधान है। अधिक से अधिक लोग संपत्ति कर जमा करा सकें, इसके लिए पूर्वी निगम जगह-जगह शिविर भी लगाएगा।
उत्तरी और दक्षिणी निगम के कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई कुछ घटी
गाजीपुर लैंडफिल साइट के बाद उत्तरी और दक्षिणी निगम के अंतर्गत आने वाले कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई भी घटी है।
उत्तरी निगम के अंतर्गत आने वाली भलस्वा और दक्षिणी निगम के अंतर्गत आने वाली ओखला लैंडफिल साइट पर ट्रॉमल मशीन लगाई गई हैं।
इसके माध्यम से 10 मीटर से भी अधिक ऊंचाई घटाई गई है। वर्तमान में भलस्वा लैंडफिल साइट पर 17 और ओखला लैंडफिल साइट पर 4 ट्रॉमल मशीनें लगी हैं।

