कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री होने के कारण काम के भारी बोझ व अति व्यस्त दिनचर्या के बावजूद ममता बनर्जी की कला, साहित्य व लेखन में दिलचस्पी कम नहीं है। काम के दबाव के बाद भी वह इसके लिए समय निकाल ही लेती हैं।

वैसे पिछले कुछ दुर्गापूजा में वह थीम सांग लिख चुकी हैं, लेकिन इस बार दुर्गापूजा पर उनके लिखे गीतों का एक एलबम आ रहा है। इस एलबम में उनके पांच से छह गीत होंगे। इनमें से दो गीत वह लिख भी चुकी हैं और खबर है कि तीसरे गीत को भी लिखना शुरू कर दिया हैं।

गीत लिखने के साथ एलबम की तैयारी भी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री के गीतों को स्वर प्रसिद्ध बांग्ला गायक व राज्य के सूचना एवं संस्कृति राज्य मंत्री इंद्रनील सेन दे रहे हैं। दो गानों की रिकॉर्डिंग हो चुकी है।

वेतन तक नहीं लेती हैं ममता

मुख्यमंत्री बनने से पहले तक ममता सात बार सांसद रह चुकी हैं जबकि दो बार से विधायक हैं। सांसद बनने से लेकर मुख्यमंत्री रहते हुए वह वेतन तक नहीं लेती हैं। सूत्रों के मुताबिक ममता कई किताबें लिख चुकी हैं और उससे उन्हें हर साल रॉयल्टी मिलती है। यही उनकी आय का प्रमुख स्रोत है।