Site icon Yashbharat.com

शौक पूरा करने कर डाली 17 लूट, अंजाम.. अब जेल में

18 12 2020 crime loot indore

रायपुर। Raipur News : महासमुंद में अंतरराज्यीय गिरोह के छह लुटेरे गिरफ्तार किए गए हैं। कोमाखान पुलिस और साइबर सेल ने 17 लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के पांच आरोपी व एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लूट के 12 नग मोबाइल, चार मोटरसाइकिल और नगदी रकम बरामद कर लिया है।

पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बदमाशों ने स्‍वीकारा है कि वह शौक को पूरा करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बुधवार को बताया कि 15 जनवरी को ग्राम टेंगराही के किसान परमानंद साहू (50) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह जिला सहकारी बैंक कोमाखान से धान विक्रय की राशि 49 हजार रुपये निकालकर अपने घर मोटरसाइकिल से जा रहा था।

करीब ढाई बजे धौराभाठा मोड़ के पास दो मोटरसाइकिल में सवार अज्ञात व्यक्ति छुरा जाने का रास्ता पूछने लगे। उनको रास्ता बताया और घर की तरफ जाने लगा। इसी बीच धौराभाठा और टेंगहारी जंगल में चढ़ाई के पास उन्होंने मोटरसाइकिल से चाबी निकालकर राशि लूट ली। परमानंद की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब आरोपियों का कोई पता नहीं चला तब इनकी तलाश के लिए कोमाखान प्रभारी उमाकांत तिवारी एवं साइबर सेल प्रभारी संजय राजपूत सहित अन्य और दो टीमें गठित की गई। टीमें लगातार शराब भट्टी, सरहदी इलाकों में और घटनास्थल के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पूछताछ जारी रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि ठेलकोबेड़ा ओडिशा निवासी रूपेश काफी रकम खर्च कर रहा है।

 

सूचना पर संदेही रुपेश की तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ पर उसने अपने साथी ठेलकोबेड़ा निवासी विद्या, दुर्गेश, अनूप, तोषराम और एक अन्य साथी के बारे में बताया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी रुपेश की निशानदेही पर विद्या, दुर्गेश, अनूप, तोषराम और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह खरियार में किराना दुकान, कपड़ा दुकान, फैंसी दुकान में कार्य करते हैं।

Exit mobile version