FEATUREDjabalpurLatestमध्यप्रदेश

शिवपुरी में तेल की नदी बही तो ग्रामीण बर्तन भर-भर लेकर गए

शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में गुरुवार की शाम को सरसों के तेल की नदी बह गई जिसे लूटने के लिए आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। 15-15 लीटर के बर्तन लेकर ग्रामीण गिलास-डिब्बे और चुल्लू से सरसों का तेल भरने लगे।

बदहवास की स्थिति में ग्रामीण पैदल तो बाइकों पर टैंकर के पास बह रही तेल की धारा में से बर्तन भरने के लिए यहां-वहां भागकर जगह तलाश रहे थे।

वहीं, पुलिस थाने में टैंकर को लूटे जाने की रिपोर्ट लेकर पहुंचे ड्राइवर को वहां पता चला कि उसका टैंकर आगे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। अब पुलिस लूट व एक्सीडेंट की पहेली को सुलझाने में उलझ गई है।  

 

कोलारस क्षेत्र के तेंदुआ थाना अंतर्गत कोटा हाइवे स्थित नेतवास गांव में गुरुवार की शाम को तेल से भरा टैंकर एमपी 09 एचजी 8996 पलट गया तो आसपास के तीन-चार गांव में खबर फैल गई। गांव के लोग बाइक से और तो पैदल टैंकर की तरफ भागने लगे। देखते ही देखते टैंकर के आसपास भीड़ जमा हो गई। तब तक दुर्घटनाग्रस्त टैंकर से तेल की धार से तेल की नदी जैसी बहने लगी। आसपास के गांव से बर्तन लेकर जमा हुए लोग तेल को भरने के लिए यहां-वहां भागने लगे।

 

टैंकर लूटने वालों ने ड्राइवर सीट संभाली तो पलट गया वाहन
तेल से भरा एक टैंकर लेकर मुरैना का संतोष सिंह तोमर राजस्थान से चला था कि शिवपुरी के पास कोलारस क्षेत्र में उसके टैंकर के सामने चार लोग बाइक लेकर खड़े हो गए। संतोष और उसके क्लीनर साथी को उन्होंने जबरिया गाड़ी में चढ़कर तेज आवाज में मारने की बातें कहीं। यह सुनकर संतोष सिंह गाड़ी से कूद कर भाग गया तो बाइक सवारों में से एक ने ड्राइवर सीट पर बैठकर गाड़ी को आगे की तरफ बढ़ाया। क्लीनर गाड़ी से नहीं उतर पाया तो उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मगर तेल टैंकर चलाना नहीं आने से तेंदुआ थाना क्षेत्र के कोटा हाइवे के पास नेतवास गांव में टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद वे भाग गए।

ड्राइवर की जुबानी टैंकर को कैसे लूटा गया
टैंकर के पलटने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे ड्राइवर संतोष सिंह तोमर ने बताया कि वह फतेहनगर से टैंकर में तेल भरकर आ रहा था खरई बॉर्डर पार करते ही दो बाइक पर सवार चार बदमाश आए और उन्होंने टैंकर छुड़ाया और भाग गए। इस बीच टैंकर के क्लीनर को वे साथ ले गए जिसके बाद तेंदुआ थाना पर पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अचानक थाने पर सूचना मिली कि चोरी किया हुआ टैंकर ग्राम नेतवास के पास पलटा हुआ मिला है।

 

 

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम