नीमच। रंजीता मैडम मुझे 20 हजार रुपए की सख्त जरूरत है, अगर आपने 7 अगस्त को महादेव मंदिर स्थित खाली पड़ी सफेद पानी की टंकी में रुपए नहीं रखे तो आपकी बेटी के साथ मैं कुछ भी कर सकता हूं और यह बात आपने अगर किसी को बताई तो उसका अंजाम बहुत बुरा होगा। धमकीभरे ये शब्द उस पत्र के हैं जो प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ एक अध्यापिका को लिखा है। हालांकि 7 अगस्त बीत चुका है लेकिन अध्यापिक अभी भी डरी हुई हैं। अध्यापिक को 6 अगस्त को पत्र मिला। जिसकी उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी थी।

मिली जानकारी के मुताबिक नीमच जिले से 80 किमी दूर स्थित नई आबादी ग्राम झांतला में अज्ञात व्यक्ति ने नयागांव ( चेनपुरा ) के प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ अध्यापिका रंजीता पति राकेश पितलाई को धमकीभरा पत्र लिखा है।

पत्र में अध्यापिका से 20 हजार रुपए की मांग की गई है और 7 अगस्त तक बताए गए स्थान पर रकम रखने को कहा गया। इसमें ये भी लिखा गया कि यदि रुपए नहीं रखे तो इसका अंजाम उनकी 3 वर्षीय बेटी को भुगतना पड़ेगा और इसे मजाक नहीं समझे। फिलहाल 7 अगस्त बीत चुका है, लेकिन अध्यापिका अभी भी डरी हुई है क्योंकि पुलिस अब तक पत्र भेजने वाले का पता नहीं लगा पाई है।

अध्यापिका इस स्कूल में 6 वर्षों से पदस्थ हैं। वे अपनी बेटी के साथ अकेली नई आबादी झांतला में रहती है और यहां से 4 किमी दूर रेतपुरा विद्यालय रोजाना पढ़ाने जाती हैं।

अध्यापिका हर शनिवार शाम अपने ससुराल नयागांव चली जाती थी। इसी दौरान रंजीता 4 अगस्त शनिवार को शाम अपने किराए के मकान को ताला लगाकर नयागांव चली गईं। 6 अगस्त सोमवार को सुबह 9 बजे जब वे लौंंटी तो ये पत्र दरवाजे के नीचे पड़ा हुआ था। पत्र पढ़कर अध्यापिका घबरा गई। हालांकि सोमवार सुबह वे स्कूल पढ़ाने जरुर गईं लेकिन शाम को उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। उन्होंने झांतला आकर पुलिस को दूरभाष पर जानकारी दी। अध्यापिका की शिकायत पर सिंगोली थाना प्रभारी समरथ सिनम ने सोमवार रात झांतला पहुंच कर जानकारी ली और मामला दर्जकर जांच शुरू की।