Latestराष्ट्रीय

रेलवे के पैंट्री कर्मी भी लेकर चलेंगे कचरा पेटी-रेलवे बोर्ड

नई दिल्ली। फ्लाइट अटेंडेंट की तरह रेलवे के कैटरिंग कर्मचारी भी अब कचरा पेटी लेकर चलेंगे। सभी ट्रेनों के भीतर यात्रियों के भोजन के बाद कचरा जमा करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्वनी लोहानी ने अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिया है। रेलवे ने विमानों के तौर-तरीके अपनाने पर जोर दिया है।

यात्रियों को विमानों जैसी सुविधा देने के लिए भोजन से लेकर वैक्यूम टायलेट तक की व्यवस्था इसमें शामिल है। मंडल स्तर के अधिकारियों और बोर्ड के सदस्यों के साथ 17 जुलाई को हुई बैठक में लोहानी ने कहा कि ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए पैंट्री कर्मचारी भोजन परोसे जाने के बाद एक बैग में कचरा जमा करें। जिस तरह विमान में किया जाता है वैसा ही काम किया जाए।

एक अधिकारी ने कहा, ‘आम तौर पर यात्री भोजन करने के बाद प्लेट सीट के नीचे रख देते हैं। पैंट्री कर्मचारी उसे एक के ऊपर एक रखकर हटाते हैं। कई बार उसमें से कुछ चीज कोच की सतह पर गिर जाती है। इसके अलावा यात्री केले के छिलके, पैकेट एवं अन्य चीजें बर्थ या सतह पर डाल देते हैं।’

इस प्रणाली के तहत पैंट्री कर्मचारी विमान की तरह कैरी बैग लेकर हर यात्री के पास पहुंचेंगे और यात्री उसमें कचरा, प्लेट या अन्य चीजों को डाल देंगे। इस तरह विमान की तरह रेलगाड़ियां भी अगले यात्री के लिए तैयार रहेंगी। लोहानी ने कहा कि जिन ट्रेनों में पैंट्री नहीं है उसमें सफाई कर्मचारी ऐसी कचरा पेटी लेकर चलेंगे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply