मध्यप्रदेश

पन्ना में सीएम बोले-मैं सामान्य कृषक परिवार का हूं, प्रदेश की जनता सब देख रही

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो राजे-महाराजे हैं, क्या वे किसी सामान्य परिवार के व्यक्ति पर कुछ भी टिप्पणी कर सकते हैं। मैं सामान्य कृषक परिवार का हूं, मुख्यमंत्री भी हूं। ये लोग मेरे और मेरे परिवार के ऊपर टिप्पणियां करते हैं। मुझे इससे कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि प्रदेश की जनता सब देख रही है।

भगवा आतंकवाद नाम का नया शब्द गढ़ दिया : गुरुवार को पन्ना में मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम बोले- दिग्विजय सिंह ने भगवा आतंकवाद नाम का नया शब्द गढ़ दिया। भगवा को हिंदू आतंकवाद से जोड़ने वाले यह तो समझें कि भगवा हमारी पुरातन संस्कृति का प्रतीक है। इस पर टिप्पणी करना किसी को शोभा नहीं देता। कांग्रेस के 50 साल में कोई विकास नहीं हुआ।

उन्होंने आगे कहा, दिग्विजय सिंह ने शिक्षकों का कैडर समाप्त कर प्रदेश को बर्बाद कर दिया। वे चौथी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए आशीर्वाद मांगने आए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता का स्नेह एवं आशीर्वाद मुझे मिलेगा।

15 साल बाद अब राजा-महाराजा याद आ रहे : कमलनाथ

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आज राजा-महाराजा याद आ रहे हैं। 15 साल से यह बातें याद नहीं आईं। चौहान केवल कांग्रेस पार्टी की बात करते हैं, अपनी विफलताओं को नहीं देखते हैं। मुख्यमंत्री का ध्यान डॉक्टरों की हड़ताल, किसान आत्महत्या दुष्कर्म की घटनाओं पर नहीं है। चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो उन्हें राजा-महाराजा याद आने लगे।

Leave a Reply

Back to top button