रेत खदान पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों में झगड़ा, तीन की हालत गंभीर
दमुआ। रेत खदान पर वर्चस्व को लेकर गुरुवार-शुक्रवार की रात रेत कारोबारी व कांग्रेस नेता नीटू गांधी व उनके साथियों पर सारणी के रेत कारोबारियों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें नीटू और उनके दो अन्य साथी घायल हो गए। दमुआ पुलिस ने जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। घायल कांग्रेस नेता जुन्नारदेव विधायक के करीबी बताए गए हैं।
दमुआ पुलिस के मुताबिक बाना बेहरा पंचायत के पास मुख्य मार्ग पर रात करीब 11.30 बजे यह झगड़ा हुआ। जिसमें ब्लाक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नीटू गांधी, अंकित सिंह यादव एवं जय श्रीवास्तव को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात में ही कांग्रेस के कई नेता थाने पहुंचे और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुख्य आरोपित सारणी निवासी पंचू खां और उसके 10 साथियों पर अड़ीबाजी और जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है।
बताया गया है कि यह विवाद बैतूल जिले की खैरवानी रेत खदान से जुड़ा है। जहां तवा नदी से रेत निकाली गई सैकड़ों ट्राली रेत का अवैध भंडारण बकोड़ी और दानवा में किया गया है। दोनों गुटों में इस पर वर्चस्व का विवाद है। इसके अलावा नीटू के साथी अंकित का इन लोगों से लेनदेन का विवाद भी है।
प्रशासन को जानकारी दी है।
हमने इस मामले की जानकारी प्रशासन को जानकारी दी है। अब आगे की कार्रवाई प्रशासन द्वारा की जाएगी।
-सुनील उइके, विधायक जुन्नारदेव

