50 लाख रिश्‍वत केस में आयकर कमिश्‍नर गिरफ्तार, देहरादून में कोठी सील

201706301710323090 bank manager arrested for taking bribe in agar SECVPF

नई दिल्ली। आयकर विभाग के आयुक्त श्वेताभ सुमन को सीबीआई ने 50 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में शुक्रवार को गुवाहाटी से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक बिचौलिए से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।

गुवाहाटी में तैनात श्वेताभ सुमन ने मुखौटा कंपनी के एक मामले में एक कारोबारी के आयकर आकलन में उसके पक्ष में आदेश देने के लिए कथित तौर पर रिश्वत की मांग की थी। इधर, देहरादून में सुमन की कोठी को सीबीआई ने सील कर दिया। इसके अलावा कोठी से कुछ दस्तावेज भी कब्जे में ले लिए गए हैं। इसमें दून सीबीआई टीम ने राजपुर रोड पर मसूरी डायवर्जन के अलावा उनके गुवाहाटी, नोएडा, शिलांग, होजाई व जोरहत समेत कई ठिकानों पर भी छापेमारी की है।

देहरादून के आयकर कार्यालय में तैनाती के दौरान श्वेताभ सुमन कई आरोपों को लेकर चर्चित रहे। यहां उनके खिलाफ गड़बड़ी से जुड़े चार केसों में चार्जशीट दाखिल होने के बाद कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। श्वेताभ सुमन के खिलाफ सीबीआई जांच और फाइलें चोरी के आरोप में दून की अलग-अलग अदालत में चार केस हैं। इसमें एक केस आय से अधिक संपत्ति का है। इस केस में ट्रायल लगभग अंतिम दौर में है। केंद्रीय जांच ब्यूरो के स्थानीय अधिवक्ताओं का कहना है कि जल्द इस केस में फैसला आने की उम्मीद है। जबकि एक केस विभागीय फाइल चोरी, दूसरा दस्तावेजों में गड़बड़ी और तीसरा लग्जरी कार से जुड़ा हुआ है। ये तीनों केस भी ट्रायल में चल रहे हैं। दून में श्वेताभ सुमन उप आयुक्त के पद पर तैनात रहे थे।