Latestराष्ट्रीय

राहुल के विमान में उड़ान के दौरान आई खराबी, कांग्रेस ने की जांच की मांग

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस का प्रचार करने हुबली पहुंचे पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के विमान में उड़ान के दौरान ही अचानक खराबी आ गई. इस कारण विमान की लैंडिंग इतनी खराब रही कि अंदर बैठे राहुल समेत सभी यात्रियों की जान पर बन आई थी.

कांग्रेस ने इस संबंध में गुरुवार को पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है. कर्नाटक के पुलिस प्रमुख नीलमणि एन राजू को की गई शिकायत की कॉपी मीडिया को भी मिली है. इसमें राहुल गांधी के दफ्तर की तरफ से बताया गया कि ‘दिल्ली से हुबली के लिए दो घंटों की उड़ान के दौरान विमान में कई ‘अस्पष्ट तकनीकी खामियां’ सामने आईं.’ पार्टी ने इस मामले की सघन जांच की मांग की है.

विमान में सवार लोगों की जिंदगी को खतरे में डालने के लिए ‘जानबूझकर की गई छेड़छाड़’ की आंशका जताते हुए इस शिकायत में कहा गया कि विमान में बेहद झटके लग रहे थे, जिसके बाद वह एक तरफ झुक गया और उसमें चरमराने की आवाज़ आने लगी थी. इसमें साथ ही बताया कि विमान का ऑटो पायलट सिस्टम भी काम नहीं कर रहा था.

इस विमान में राहुल गांधी के साथ तीन अन्य यात्री भी सवार थे. इस घटना की खबर लगते ही प्रधानमंत्री कार्यालय ने फोन कर कांग्रेस अध्यक्ष का हालचाल लिया.

पुलिस शिकायत में कहा गया कि विमान तीसरी कोशिश में हुबली एयरपोर्ट पर उतर पाया. इस दौरान वहां बुरी तरह हिल रहा था. शिकायती चिट्ठी में लिखा गया है, ‘मौसम के पूर्वानुमान और विमान में सवार यात्रियों के मुताबिक, उस वक्त बाहर का मौसम बेहद साफ था, धूप खिली हुई थी और हवा की रफ्तार भी सामान्य थी.’

इसमें साथ ही बताया गया, ‘इस उड़ान के अनुभव ने यात्रियों को भारी तनाव में ला दिया था और उन्हें अपनी जिंदगी भी खतरे में लगने लगी थी. इस दौरान क्रू के सदस्य भी खासे सहम गए थे और उन्होंने खुद बताया कि यह सब बेहद आसामन्य और डरावना है.’

शिकायत में कहा गया कि ‘यह साफ है मौसम के कारण नहीं, बल्कि विमान में आई संदिग्ध खराबी के कारण ही विमान में कांपने लगा और वह बेहद तेजी से नीचे गोता लगाने लगा था.’

सूत्रों ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस प्राइवेट विमान के पायलट और क्रू सदस्य को पूछताछ के लिए हुबली एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया.

कर्नाटक में 12 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान में जोर-शोर से जुटे राहुल गांधी ने इसके बाद हुबली से अंकोला के लिए हेलीकॉप्टर किया और वहां तय रैलियों को संबोधित किया. हालांकि उनके दफ्तर ने कहा कि इस घटना के बाद ‘जानबूझकर की गई छेड़छाड़’ की आशंका को खारिज नहीं किया और इसकी जांच की जानी चाहिए. राहुल गांधी ने दफ्तर ने आगे जांच पूरी होने उस विमान को हुबली एयरपोर्ट पर ही तुरंत रोक रखने की मांग की.

Leave a Reply

Back to top button