राहुल गांधी का टी-ब्रेक, सड़क किनारे स्टाल पर चाय पी, पकोड़े भी खाए

भोपाल। अपने रोड शो के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जब रोशनपुरा के पास से गुजर रहे थे। तब उन्होंने कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया से चाय पीने की इच्छा जाहिर की।
इस पर कांग्रेसी नेताओं ने राहुल गांधी के काफिले को राजू टी स्टाल पर रुकवाया। यहां बेहद सहज होकर राहुल गांधी और अन्य सभी नेताओं ने चाय पी। नेताओं ने न केवल चाय की चुस्कियां ली लेकिन यहां भजिए और पकौड़ों का आनंद भी लिया।
इस दौरान राहुल गांधी के साथ कमलनाथ के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, जीतू पटवारी और अन्य नेता भी मौजूद थे। राजू टी स्टाल पर राहुल गांधी और अन्य कांग्रेसी नेताओं के लिए स्पेशल चाय बनाई गई। राहुल ने चाय पीकर उसकी तारीफ भी की। चाय पीने के दौरान राहुल अन्य नेताओं से बातचीत करते रहे, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ सेल्फी भी लेते रहे।
राहुल भी बेहद सहज होकर सभी के साथ सेल्फी खिंचवाते रहे। लेकिन राहुल गांधी का मस्तीभरा अंदाज यहां भी नजर आया जब चाय पीने के बाद उन्होंने टी स्टाल संचालक के आग्रह पर उसके साथ सेल्फी ली और फिर आंख भी मारी। गौरतलब है कि पिछले दिनों संसद की कार्यवाही के दौरान आंख मारने पर ही राहुल गांधी विवादों में घिर गए थे। चाय पीने के बाद राहुल गांधी का काफिला आगे बढ़ गया। वहीं कांग्रेसी नेता नारेबाजी करते हुए उनके पीछे हो लिए।







