राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज पहुंचेंगे मध्यप्रदेश, ये रहेगा उनका कार्यक्रम

गुना। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मध्यप्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं. वह इस दौरान राज्य के सागर एवं गुना में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. 28 अप्रैल को राष्ट्रपति सागर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे. कोविंद इसके बाद डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती हॉल में आयोजित संत कबीर के 620वें प्रकटोत्सव महोत्सव में शामिल होंगे.
सागर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह शाम में भोपाल पहुंचेंगे. कोविंद रात्रि विश्राम भोपाल के राजभवन में करेंगे. कोविंद 29 अप्रैल को गुना जिले के बामोरी में असंगठित श्रमिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. राष्ट्रपति उसके बाद गुना रवाना होंगे और वहां मिनी स्मार्ट सिटी के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
राष्ट्रपति शाम में अपने बड़े भाई रामस्वरूप भारती के गुना स्थित आवास जाएंगे तथा उसके बाद भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे. राष्ट्रपति भोपाल हवाईअड्डे से शाम में नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मध्यप्रदेश प्रवास के मद्देनजर भोपाल में आईजी जयदीप प्रसाद ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे सभी राजपत्रित अधिकारियों की बैठक ली. कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में प्रसाद ने बताया कि ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से पास धारण करेंगे और साफ-सुथरी वेषभूषा में रहें.
बता दें कि सागर में होने वाले हरिसिंह गौर विवि के दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी हो गई. इस समारोह में आकर्षण का केंद्र ड्रेस कोड है जिन बच्चों को उपाधि दी जानी है उनका ड्रेस कोड कुर्ता पायजामा और पगड़ी ,वहीं लड़कियों को सलवार सूट रहेगा.
सागर जिला कलेक्टर आलोक सिंह की माने तो महामहिम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी सेना से मीटिंग हो चुकी हैं. एसएफ ओर सेना की टुकड़ी चप्पे-चप्पे पर तैनात होगी. राष्टपति कार्यक्रम संपन्न कर 4 बजकर तीस मिनट पर वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे.








