क्षेत्रीय खबरें

मौसम में ठंडक घुलते ही फि‍र स्वाइन फ्लू का प्रकोप

इंदौर। मौसम में ठंडक घुलते ही स्वाइन फ्लू का प्रकोप फिर नजर आने लगा है। मंगलवार को तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। अभी 12 मरीज गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती है। इधर मौसम केंद्र ने अगले दो दिन में बारिश की भी चेतावनी दी है। इससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

शहर के आसपास बारिश होने से एक बार फिर मौसम में ठंडक घुल गई है। दिनभर वातावरण में नमी बनी रही। संक्रमण बढ़ने के लिए फिर से अनुकूल वातावरण तैयार होने लगा है। ठंडक में एच1एन1 का संक्रमण ज्यादा सक्रिय हो जाता है।

मंगलवार को 5 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आयी। इनमें से 3 मरीजों में एच1एन1 की पुष्टि हुई है। इनमें एक मरीज इंदौर का है जबकि दो रतलाम और खरगोन के है। आईडीएसपी प्रभारी डॉ.आशा पंडित के मुताबिक फिलहाल कुल 24 मरीजों का अलग अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है इनमें से 12 मरीज वेंटिलेटर पर है।

गौरतलब है कि अब तक स्वाइन फ्लू से शहर में 34 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि कुल 113 मरीजों में बीमारी की पुष्टि हुई है। इधर विशेषज्ञों का भी मानना है कि एक बार फिर लोगों को सतर्क हो जाने की जरूरत है। वातावरण जितना ठंडा होगा उतना वायरस फैलने का खतरा बढ़ जाता है।

दो डिग्री लुढ़ककर 31.2 पर आया तापमान

मंगलवार को दिन का तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 31.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जबकि सोमवार को तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। बादलों और नमी के कारण तापमान में गिरावट आ गई है। दिन में 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चली। इससे शाम को मौसम में ठंडक घुल गई।

एक-दो दिन बारिश की संभावना

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक प्रदेश के दक्षिण मध्य क्षेत्र में प्रदेश के ऊपर चक्रवात के कारण नमी बढ़ रही है। इससे अगले एक-दो दिन में हल्की बारिश हो सकती है। खास तौर पर इंदौर, भोपाल, उज्जैन और होशंगाबाद के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। गौरतलब है कि मौसम केंद्र ने अब तक मानसून की विदाई की अधिकृत घोषणा नहीं की है।

Leave a Reply

Back to top button