मुड़वारा से चीनी चेलानी, बड़वारा से बसंत सिंह हो सकते हैं कांग्रेस प्रत्याशी

कटनी। भाजपा की पहली सूची में कटनी जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कांग्रेस ने भी चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए नाम फाइनल कर लिए हैं। भोपाल स्थित विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय की मुड़वारा सीट से कांग्रेस ने चीनी चेलानी का टिकट तय कर दिया है। बहोरीबंद से सौरभ सिंह, बड़वारा से बसंत सिंह तथा विजयराघवगढ़ से पदमा शुक्ला का नाम भी फाइनल लिस्ट में जुड़ गया है। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक कांग्रेस प्रत्याशियों की अधिकृत घोषणा तो नहीं हो पाई थी लेकिन सूत्रों का दावा है कि सूची में यही नाम होंगे। जानकारी के मुताबिक भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दोपहर डेढ़ बजे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रेस कांफ्रेंस होना थी जिसमें पूरी उम्मीद थी कि कांग्रेस 200 नामों की सूची जारी करने वाली है।
सूत्रों के मुताबिक जिला मुख्यालय की प्रतिष्ठापूर्ण सीट मुड़वारा से काफी विचार विमर्श के बाद पिछले महापौर चुनाव के प्रत्याशी चीनी चेलानी का नाम अंततः तय कर दिया गया। चीनी चेलानी ने महापौर चुनाव में भाजपा के शशांक श्रीवास्तव को कड़ी टक्कर देते हुए महज 45 वार्ड में 40 हजार वोटों का आंकड़ा पार कर लिया था। उनके इस प्रदर्शन को आधार बनाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने चीनी चेलानी के नाम को वजनदारी से रखा। हालांकि अंतिम समय में पूर्व विधायक सुनील मिश्रा, पूर्व महापौर विजेन्द्र मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामनरेश त्रिपाठी, जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष गुमान सिंह और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मनु दीक्षित के लिए भी दिल्ली तक प्रयास हुए। मनीष गेई का नाम भी दिल्ली तक वजनदारी से था, लेकिन समझा जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी को देखकर कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी आखिरी वक्त पर चेंज कर दिया। राजनीति के जानकारों का मानना है कि चीनी चेलानी के नाम की घोषणा यदि हुई तो मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस अपने पक्ष में माहौल बनाते हुए भाजपा प्रत्याशी संदीप जायसवाल को कड़ी टक्कर दे पाएगी।
उधर बड़वारा में पिछला चुनाव करीब 3200 के अंतर से हारने वाले बसंत सिंह को पार्टी पुनः मैदान में उतार रही है। सूत्रों के मुताबिक बसंत सिंह का नाम कांग्रेस की टिकट के क्रायटेरिया के मुताबिक तय हो रहा है। यहां भी यदि बसंत फाइनल हुए तो पार्टी भाजपा को कड़ी चुनौती पेश कर सकती है। बहोरीबंद में मौजूदा विधायक सौरभ सिंह की टिकट पहले से तय है, केवल अधिकृत घोषणा शेष है। इसी तरह विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं पदमा शुक्ला का टिकट भी तय माना जा रहा है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक दोपहर बाद पार्टी अपनी पहली लिस्ट का ऐलान कर सकती है। हालांकि राजनैतिक दलों में अधिकृत घोषणा होते-होते भी नाम बदल जाते हैं। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक कांग्रेस हल्कों में सूची का इंतजार हो रहा था।