Latest

मास्‍क लगाओ-कोरोना भगाओ : Selfie With Mask, बीजेपी का सेल्फी विद मास्क कैंपेन, क्‍या आपने लिया चैलेंज

भोपाल. कोरोना आपदा (Corona Pandemic) में मास्क के लिए लोगों को जागरूक करने के मकसद से बीजेपी युवा मोर्चा (BJP Youth Morcha) ने एक कैंपेन सेल्फी विद मास्क (Selfie With Mask) की शुरुआत की है. पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू किए गए इस कैंपेन के तहत मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मास्क के साथ सेल्फी लेकर पोस्ट की है. इस कैंपेन का मकसद लोगों को मास्क लगाने के लिए जागरूक करना है ताकि कोरोना महामारी में वह अपना बचाव कर सकें.

बीजेपी युवा मोर्चा के मध्य प्रदेश के अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने ऐलान किया था कि मंगलवार को सुबह 11:00 बजे से पूरे प्रदेश में सेल्फी विद मास्क अभियान शुरू किया जाएगा. इसके तहत सभी कार्यकर्ता अपनी एक सेल्फी मास्क के साथ पोस्ट करेंगे. अगर वह चाहें तो सेल्फी के साथ अपना वीडियो भी पोस्ट कर सकते हैं. इसके साथ ही आम लोगों से भी इसी तरीके से सेल्फी लेकर पोस्ट करने के लिए कहा गया था.

सीएम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की सेल्फी विद मास्क

बीजेपी युवा मोर्चा के इस कैंपेन की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद की सीएम ने मास्क के साथ अपनी सेल्फी ली और फिर उसे सोशल मीडिया में पोस्ट किया. इस सेल्फी के साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों को संदेश दिया है कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए मास्क का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है. वह खुद भी मास्क लगाकर घर से बाहर निकलते हैं. इस अभियान का मकसद लोगों को मास्क लगाने के लिए जागरूक करना है.

प्रदेश में मास्क लगाना है जरूरी

वैसे कोरोना आपदा को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में जिला प्रशासन ने मास्क लगाना अनिवार्य किया है. कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के घर से बाहर नहीं निकल सकता. मास्क नहीं लगाने पर जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है. इसके बावजूद कई लोग ऐसे हैं जो घर से बाहर निकलने पर मास्क का इस्तेमाल नहीं करते हैं. ऐसे में यह जरूरी है कि उन्हें मास्क लगाने के लिए जागरूक किया जाए.

Back to top button