मातम में बदली होली पर्व की खुशियां, हाईवा ने सायकल सवारों को कुचला, चार की मौत
कटनी। विवेक शुक्ला बड़वारा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर दतला नदी के समीप शनिवार की रात लगभग साढ़े 8 बजे एक बेलगाम हाइवा ने चार साइकिल सवारों को कुचल दिया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और चकाजाम करने की तैयारी करने लगे। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर आक्रोश शांत कराया। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले हाईवा को जप्त कर लिया है जबकि चालक फरार हो गया।
जिसकी तलाश की जा रही है। घटना के संबंध में बड़वारा थाना प्रभारी रोहित डोंगरे से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नैगवां निवासी वर्षीय राजेश सिंह पिता मजबूत सिंह, 19 वर्षीय कुलदीप सिंह पिता संतोष सिंह, 14 वर्षीय अजीत सिंह पिता अशोक सिंह व 14 वर्षीय रणजीत सिंह पिता हनुमान सिंह शनिवार की शाम मेहनत मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे।
उसीदौरान दतला नदी के समीप तेज रफ्तार हाईवा क्रमांक एम.पी.21एच-1343 ने उन्हें कुचल दिया। जिसके कारण अजीत सिंह, कुलदीप सिंह व रणजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसे गहन उपचार के लिए जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया।
गांव में पसरा मातम
सड़क दुर्घटना में एक ही गांव के तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही ग्राम नैगवां में मातम पसर गया और होली पर्व की खुशियां भी मातम में बदल गईं। आज जैसे ही पीएम के बाद मृतकों के शव अंतिम संस्कार के लिए गांव पहुंचे पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। गांव के ही श्मशाम घाट में मृतकों का अंतिम संस्कार अत्यंत गमगीन व शोकपूर्ण माहौल में किया गया।
सासंद ने दी श्रद्धांजलि
बड़वारा के ग्राम नैगवां में हुए सड़क हादसे में मृत हुए कुलदीप सिंह, अजीत सिंह और रंजीत सिंह को क्षेत्रीय सांसद हिमाद्री सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ट्वीट कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।

