मां के इलाज के लिए मदद मांगने के बहाने आया था केजरीवाल का हमलावर

आरोपी उसकी मां के इलाज के लिए मदद के बहाने सचिवालय पहुंचा था।
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर मिर्च से हमला करने वाला शख्स अपनी मां के इलाज के लिए मदद के बहाने से सचिवालय पहुंचा था। आरोपित पहले मुख्यमंत्री के घर गया था। वहां उनके नहीं मिलने पर वह सचिवालय आ गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक व्यक्ति की सिफारिश पर तीसरी मंजिल पर पहुंचकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने आरोपित अनिल कुमार शर्मा को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन वह मिर्च पाउडर फेंकने का कारण नहीं बता रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सुरक्षा में चूक की बात से इनकार किया है। मध्य जिला के एडिशनल डीसीपी अमित कुमार शर्मा के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय से अनिल कुमार शर्मा के खिलाफ शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








