महिलाओं को पुलिस भर्ती में 33 प्रतिशत आरक्षण देगी भाजपा : राजनाथ सिंह

शिमला। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने ऐलान किया कि भाजपा सत्ता में आते ही महिलाओं को पुलिस में 33 प्रतिशत आरक्षण देगी। प्रदेश में पैदा हुई असुरक्षा के हालात को खत्म करने के लिए महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए गुड़िया हेल्पलाइन शुरू होगी।
शिमला में पत्रकारों से बातचीत में राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का सूरज डूबने वाला है और भाजपा का सूरज चढ़ रहा है। जब कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार सत्ता में थी तो महंगाई दहाई के अंक पर चल रही थी। अर्थव्यवस्था कमजोर हो चुकी थी, लेकिन अब विश्व बैंक की रिपोर्ट है कि भारत की अर्थव्यवस्था विकासशील देशों में सबसे आगे चल रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश का प्रमुख विपक्षी दल होने का दायित्व निभाने में कांग्रेस विफल रही है। यदि जीएसटी को लेकर कोई कमियां हैं तो कांग्रेस को चाहिए वह सुझाव दे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही कह चुके हैं कि नई कर प्रणाली को लेकर सुधार के जो भी सुझाव आएंगे, उन्हें जनहित व व्यापारियों के हित में शामिल किया जाएगा।