मप्र-राजस्थान समेत 6 राज्यों में भाजपा को 167 सीटों पर बढ़त, पिछली बार से 25% ज्यादा

रुझानों में एग्जिट पोल्स सही साबित हुए; राजस्थान-गुजरात में भाजपा को सभी सीटों पर बढ़त
मध्यप्रदेश की 29 सीटों में से भाजपा छिंदवाड़ा को छोड़कर बाकी सभी 28 सीटों पर आगे
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शरद यादव पीछे
नई दिल्ली. मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, बिहार और महाराष्ट्र में एनडीए 2014 का प्रदर्शन दोहराती नजर आ रही है। राजस्थान, गुजरात में भाजपा सभी सीटों पर आगे चल रही है। मध्यप्रदेश में भाजपा 29 में से 28 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यहां की छिंदवाड़ा सीट पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल को टिकट दिया था। छत्तीसगढ़ में भाजपा और बिहार-महाराष्ट्र में एनडीए को बड़ी जीत मिलती दिख रही है।
इस बार 6 राज्यों में भाजपा गठबंधन 167 (93.3%) सीटों पर आगे चल रही है। 2014 के चुनाव में भाजपा ने 6 राज्यों की कुल 179 में से 133 सीटें (74.3%) अपने नाम की थीं।
अपडेट्स
भोपाल सीट से भाजपा की प्रज्ञा सिंह ठाकुर कांग्रेस के दिग्विजय सिंह से एक लाख 18 हजार वोटों से आगे हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव जोधपुर से भाजपा के गजेंद्र सिंह शेखावत से एक लाख 29 हजार से ज्यादा वोटों से पीछे हैं।
मुंबई उत्तर सीट पर कांग्रेस की उर्मिला मातोंडकर भाजपा के गोपाल शेट्टी से डेढ़ लाख से ज्यादा वोटों से पीछे चल रही हैं।
गुना सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया 77 हजार वोटों पीछे चल रहे हैं।
गांधीनगर सीट से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आगे चल रहे हैं।
बिहार में भाजपा गठबंधन 38, महाराष्ट्र में 44 सीटों पर आगे चल रहा है।
मध्यप्रदेश की छिंदवाड़ा सीट पर मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ भाजपा के नत्थन साह कवरेती से करीब 39 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।
नागपुर से भाजपा के नितिन गडकरी आगे चल रहे हैं।
गया में हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (हम) के जीतनराम मांझी पीछे चल रहे हैं।
पाटलिपुत्र से राजद उम्मीदवार मीसा भारती आगे चल रही हैं।
बेगूसराय (बिहार) से भाजपा के गिरिराज सिंह आगे चल रहे हैं। भाकपा के कन्हैया कुमार दूसरे नंबर पर हैं।
पटना साहिब सीट से कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा के रविशंकर प्रसाद से पीछे चल रहे हैं।
बिहार की जमुई सीट पर चिराग पासवान आगे चल रहे हैं।
बिहार के सासाराम से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार पीछे चल रही हैं।
सारण (बिहार) से भाजपा के राजीव प्रताप रूडी आगे चल रहे हैं।
इंदौर से भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी कांग्रेस के पंकज संघवी से 1 लाख 80 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।
सीहोर (मध्यप्रदेश) में काउंटिंग के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष की हार्ट अटैक से मौत।
2014 में 6 राज्यों में भाजपा का प्रदर्शन
प्रदेश कुल सीटें भाजपा को मिलीं सीटें वोट प्रतिशत
मप्र 29 27 54.8%
छत्तीसगढ़ 11 10 49.7%
राजस्थान 25 25 55.6%
गुजरात 26 26 60.1%
महाराष्ट्र 48 23 27.6%
बिहार 40 22 29.9%
कुल सीटें 179 133
6 राज्यों में क्या खास
मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है, वहीं गुजरात, बिहार और महाराष्ट्र में एनडीए की सरकार है।
मोदी ने मध्यप्रदेश में 10, गुजरात में 4, राजस्थान में 8, छत्तीसगढ़ में 3 और बिहार में 9 रैलियां कीं।
राहुल ने मध्य प्रदेश में 17, राजस्थान में 12 और छत्तीसगढ़ में 4 रैलियां कीं। राहुल ने उप्र (17) से ज्यादा रैलियां मप्र (18) में कीं।