मध्यप्रदेश

मध्‍य प्रदेश के कर्मचारियों का भी महंगाई भत्‍ता नहीं बढ़ेगा

भोपाल (यशभारत)। Dearness allowance : कोरोना के कारण पैदा हुए हालातों को देखते हुए केंद्र सरकार के बाद अब प्रदेश सरकार भी जनवरी और जुलाई 2020 के साथ जनवरी 2021 में महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि नहीं करेगी। हालांकि, जुलाई 2019 से बढ़ाया गया पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता वित्तीय स्थिति अच्छी होने पर दिया जाएगा।

कमल नाथ सरकार का फैसला शिवराज सरकार ने स्‍थगित किया

कमल नाथ सरकार ने इसको लेकर फैसला किया था, लेकिन शिवराज सरकार ने भुगतान को फिलहाल स्थगित कर दिया है। वित्त विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक कर्मचारियों और पेंशनर्स को सातवें वेतनमान में 12 प्रतिशत डीए/डीआर मिल रहा है।

डीए जुलाई 2019 से पांच प्रतिशत बढ़ाकर 17 प्रतिशत किया गया

कर्मचारियों का डीए जुलाई 2019 से पांच प्रतिशत बढ़ाकर 17 प्रतिशत किया गया है, जिसका भुगतान अप्रैल के वेतन से होना था, लेकिन कोरोना संकट को देखते हुए फिलहाल भुगतान पर रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि चूंकि कैबिनेट इस मामले में निर्णय ले चुकी है, इसलिए इसका तो भुगतान वित्तीय स्थिति बेहतर होने पर किया जाएगा, लेकिन जो चार प्रतिशत डीए जनवरी में बढ़ाया गया है वो नहीं मिलेगा।

इसके साथ ही जनवरी 2021 तक डीए और डीआर में कोई वृद्धि नहीं होगी। जुलाई 2021 में डीए/डीआर दर संशोधित होगी। हालांकि, एक जनवरी 2020 से जून 2021 तक की अवधि का कोई बकाया (एरियर्स) नहीं दिया जाएगा। राज्य पेंशनर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गणेशदत्त जोशी का कहना है कि देशहित में फिलहाल तो यह फैसला सही है, लेकिन जब आर्थिक स्थिति बेहतर हो, तब बकाया राशि का भुगतान करना चाहिए।

Back to top button