Saturday, May 16, 2026
Latest:
FEATURED

मध्य प्रदेश में बुधवार से बरसात का दौर फिर शुरू होने के आसार

Madhya Pradesh Weather Update : भोपाल । बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरा बन गया है। इसके प्रभाव से बुधवार से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर बरसात का दौर शुरू होने की संभावना है। उधर, मंगलवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक दमोह में 7, उज्जैन में 2, शाजापुर में 1, धार में 0.7, इंदौर में 0.2 मिमी. बरसात हुई।

भोपाल में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा। वर्तमान में राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।

इसके अतिरिक्त मानसून द्रोणिका (ट्रफ) राजस्थान पर बने सिस्टम से चुरू, नारनोल, गोरखपुर, पटना से होते हुए बंगाल की खाड़ी में बने गहरे कम दाब के क्षेत्र तक जा रही है। उत्तर-पूर्व अरब सागर में भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से प्रदेश में बड़े पैमाने पर नमी आने का सिलसिला जारी है।

इससे राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बादल बने हुए हैं। इन सिस्टम के असर से बुधवार से पूर्वी मप्र में बरसात का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। गुरुवार से प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में अच्छी बरसात का दौर शुरू हो सकता है। शुक्रवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम