चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रकोप: बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी; पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर भारत में बढ़ी ठिठुरन
नई दिल्ली, yashbharat.com। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान “अर्नब” के असर से देश के मौसम में बड़ा और अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। चक्रवात के प्रभाव से पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
मैदानी राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के चलते देश के प्रमुख मैदानी राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है:
पूर्वी और मध्य भारत: पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में आज भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR: कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, एसी और पंखे हुए बंद
हिमाचल और उत्तराखंड में हिमपात: पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बारिश के साथ सीजन की बर्फबारी शुरू हो गई है।
अचानक गिरा तापमान: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश के कारण उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
गुलाबी ठंड ने दी दस्तक: दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में सुबह और शाम के वक्त ठिठुरन बढ़ गई है। रात का तापमान काफी ठंडा होने के कारण लोगों ने घरों में एसी और पंखे चलाना बंद कर दिए हैं और हल्के गर्म कपड़े निकल आए हैं।











