मध्य प्रदेश में नहीं होगा लॉक डाउन, मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा सवाल ही नहीं उठता
भोपाल। देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ते मरीजों के बीच एक बार फिर लॉकडाउन की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। इसके बाद ये सवाल भी उठने लगे हैं कि क्या मध्य प्रदेश में भी कुछ जगहों पर फिर लॉकडाउन लग सकता है? लॉकडाउन की अटकलों के बीच गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि फिलहाल सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। राज्य में स्थिति कंट्रोल में है।
दरअसल, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर में फिर से कोरोनावायरस के केस बढ़ने से सरकार की चिंताएं भी बढ़ गर्इं हैं। 24 घंटे में भोपाल में 207 केस मिले। एक की मौत हुई। 217 मरीज स्वस्थ हुए। कुल 27891 केस हो गए। इनमें 25561 लोग ठीक हो गए।
500 की मौत हो चुकी और 1830 एक्टिव मरीज हैं। इंदौर में 178 केस मिले। 2 की मौत हुई। 149 स्वस्थ हुए। कुल केस 35861 हैं। अब तक 716 की जान गई। और 1943 एक्टिव केस हैं। जबलपुर में 48 और ग्वालियर में 55 मरीज मिले। यहां क्रमश: 13429 और 13403 कुल केस हो गए। दोनों शहरों में एक्टिव केस भी 632 और 674 हैं।
बुधवार को कोरोना केस बढ़ने के बाद फिर से लॉकडाउन लागू किए जाने के सवाल पर गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि इस तरह का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। न ही कोई कार्य योजना है। प्रदेश में ऐसी कोई भयावह स्थिति नहीं है। जो स्थिति है, वह हमारे कंट्रोल में है। हमारे पास में काफी मात्रा में संसाधन उपलब्ध हैं। दवाईयां, वेंटीलेटर, बेड उपलब्ध हैं। इसलिए अभी कोई लॉकडाउन जैसी स्थिति मध्य प्रदेश में नहीं है। मिश्रा ने फिलहाल लॉकडाउन की स्थिति से इनकार किया है।
हालांकि सर्दी में विशेषज्ञों के कोरोना महामारी के बढ़ने के दावे के बीच प्रशासन अलर्ट मोड में है। भोपाल प्रशासन ने इससे निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए सैंपलिंग बढ़ाई जा रही है, वहीं 5 माह से बंद पड़ा डोर टू डोर सर्वे भी शुरू किया जा रहा है।

