Latestमध्यप्रदेश
मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री का भैंस चराते वीडियो वायरल

ग्वालियर। मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर क्या करते हैं और क्यों करते हैं इसका उत्तर उन्हीं के पास हो सकता है।
ताजा वीडियो रविवार का बताया जा रहा है जिसमें ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भैंस चराते हुए दिखाई दे रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक ऊर्जा मंत्री ने इस बारे में कोई बयान नहीं दिया था।
मध्य प्रदेश पिछले कई दिनों से बिजली की कटौती से जूझ रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई को लेकर कई बार हाई लेवल मीटिंग ले चुके हैं। ग्वालियर में भी लगातार बिजली का आना-जाना बना हुआ। इस सब के बीच ऊर्जा मंत्री का भैंस के साथ भ्रमण करता हुआ वीडियो, लोगों को समझ में नहीं आ रहा है।
सोशल मीडिया पर लोग अपने तरीके से प्रतिक्रियाएं व्यक्त कर रहे हैं। यह वीडियो मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए निंदा का कारण बन रहा है।
ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का यह वीडियो 30 सेकेंड का है। इसमें वह एक भैंस की रस्सी अपने हाथ में थामे हुए हैं। सड़क पर अंधेरे में ट्रैफिक को हटाते हुए जा रहे हैं। उनकी सेवा में तैनात रहने वाला पुलिस बल उनके पीछे-पीछे जा रहा है। सड़क पर निकलते समय वह हंसी ठिठौली भी करते जा रहे हैं। ऐसे समय में जबकि मध्य प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अंधेरा कायम है, ऊर्जा मंत्री की हंसी ठिठोली लोगों को नाराज कर रही है।








