Site icon Yashbharat.com

मणिशंकर अय्यर पार्टी से सस्पेंड

mani shankar

पीएम नरेंद्र मोदी को नीच कहने पर मणिशंकर अय्यर न सिर्फ विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं बल्कि कांग्रेस ने भी उन पर बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। इससे पहले पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था लेकिन देर रात होते-होते पार्टी ने बड़ी कार्रवाई कर दी। माना जा रहा है कि गुजरात चुनावों में डैमेज कंट्रोल करने के मकसद से पार्टी ने ये कार्रवाई की है। बता दें कि मणिशंकर अय्यर ने आज (गुरुवार, 07 दिसंबर को) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नीच कहा था। अय्यर ने पीएम मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देने के दौरान यह टिप्पणी की थी जिसमें पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बाबा अंबेडकर को नहीं जानते हैं, बाबा भोले को जानते हैं।

दरअसल, दिल्ली में अंबेडकर प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित एक भवन के उद्घाटन समारोह में पीएम ने जवाहर लाल नेहरू पर भी डा. भीमराव अंबेडकर के साथ पक्षपात करने और उनकी भूमिका को कम करके दिखाने का आरोप लगाया था। इस पर जब पत्रकारों ने अय्यर से प्रतिक्रिया चाही तो उन्होंने अपनी बात में प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बिना उन्हें नीच कहा। चुनावी माहौल में मौका पाते ही बीजेपी ने इस बयान को हाथों हाथ ले लिया और चौतरफा कांग्रेस और मणिशंकर अय्यर पर हमला बोल दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद इसे गुजराती अस्मिता से जोड़ते हुए कहा कि हां वो नीच जाति में पैदा हुए हैं मगर ऊंचे काम किए हैं।

Exit mobile version