Latest

मजेदार वाक्‍या : DSP से शर्त हारी – नहीं लगा पाए 30 बार डिप्स Sit-Ups, भरना पड़ा इतना जुर्माना

बैतूल। LockDown in Betul : मध्य प्रदेश के बैतूल में सेहत का हवाला देकर लॉकडाउन में घूमने निकलना तीन युवकों को भारी पड़ गया। गश्त कर रहे डीएसपी ने उन्हें रोका तो एक युवक ने कहा कि लॉकडाउन में घर में रहने से पेट की चर्बी बढ़ गई थी, इसलिए टहलने निकले थे। इस पर डीएसपी ने उन्हें उनके साथ 30 डिप्स (बैठक) लगाने की शर्त रखी।

तीनों युवक शर्त हार गए तो उन्हें 1000 रुपये जुर्माना भरना पड़ा। गंज थाना प्रभारी और प्रशिक्षु डीएसपी संतोष पटेल बैतूल के कॉलेज रोड पर मंगलवार रात गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें बाइक खड़ी कर घूम रहे तीन युवक नजर आए। उन्होंने उनसे पूछताछ की तो सभी ने भोजन करने के बाद टहलने की बात कही।

एक युवक बोला कि लॉकडाउन में घर में बैठे रहने से पेट की चर्बी बढ़ गई है। यह सुनते ही डीएसपी ने उन्हें चैलेंज दिया कि यदि वे उनके साथ 30 डिप्स लगाएंगे तो बिना जुर्माने के छोड़ देंगे अन्यथा जुर्माना भरना पड़ेगा। युवकों ने शर्त मान ली और तीनों युवकों के अलावा डीएसपी पटेल ने डिप्स लगाना शुरू किया।

दो युवक 10 डिप्स भी नहीं लगा पाए। केवल एक युवक 20 डिप्स तक पहुंचा, लेकिन पटेल ने पूरी 30 डिप्स लगाई। शर्त हारने पर युवकों को एक हजार रुपये जुर्माना भरना पड़ा। छतों पर व्यायाम की दी समझाइश डीएसपी पटेल ने तीनों युवकों को समझाइश दी कि वे घरों की छत पर भी व्यायाम कर सकते हैं। लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन करें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button