मजदूर भाइयों के बीच पहुंचे भाजपा प्रत्याशी संजय पाठक

कैमोर। विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विधायक एवं विधानसभा चुनाव 2023 के भाजपा प्रत्याशी संजय सत्येंद्र पाठक आज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन एसीसी के मजदूरों के बीच पहुंचे। टाइम ऑफिस गेट पर उन्हें सुनने भारी संख्या में स्थायी और ठेका मजदूर उपस्थित थे।

मजदूर भाईयों को सम्बोधित करते हुए संजय पाठक ने कहा कि वे पिछले दो दशकों से मजदूरों का बेटा और भाई बनकर उनके हितों की लड़ाई लड़ते रहे है। उन्होंने मजदूरों के हितों को लेकर कभी मैनेजमेंट से कोई समझौता नहीं किया। आज कुछ लोग बदलाव की बात करते हैं क्या कभी बेटा या भाई बदला जा सकता है। नेता बदल सकता है पर बेटा नहीं बदल सकता।
विधायक संजय पाठक ने कहा कि एसीसी प्लांट से हजारों परिवारों की रोजी रोटी चलती है। वे कभी नहीं चाहते कि प्लांट बंद हो,प्लांट चलता रहेगा तो सबको रोजगार मिलता रहेगा। मजदूरी या मजदूरों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं को लेकर वे मैनेजमेंट से लड़ते रहेंगे। मजदूरों को उनका अधिकार दिलाएंगे पर प्लांट में ताला कभी नहीं लगने देंगे।
उन्होंने लाडली बहना सहित किसानों,मजदूरों और युवाओं के हित में चल रही कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं भाजपा ही चला सकती है कांग्रेस सरकार बनी तो ये योजनाएं भी बंद हो जाएंगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों सहित उनके कार्यकाल में विजयराघवगढ़ क्षेत्र में हुए अनेक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास चाहिए तो भाजपा को चुनना ही पड़ेगा कांग्रेस आई तो भ्र्ष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।
सभी यूनियनों के पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
एसीसी गेट में सभा के दौरान उद्योग में सक्रिय सभी यूनियनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। इंटक यूनियन के अध्यक्ष अनिल मौर्या, जनरल सेक्रेटरी पंकज पीढियां, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष अनुराग द्विवेदी,भारतीय कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष प्रमोद शुक्ला आदि सभी ने एक स्वर में कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर वे जब भी विधायक संजय पाठक के पास पहुंचे हैं उन्हें विधायक जी से भरपूर सहयोग मिला है। मजदूरों की अनेक समस्याओं का निराकरण संजय पाठक जी के प्रयासों से ही सम्भव हुआ है।

मजदूरों की इस सभा में नगर परिषद अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, पार्षद गण, भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे।








