भोपाल के छोटा तालाब में आत्महत्या करने कूदी महिला को 2 आरक्षकों ने बचाया

bhopal news

भोपाल। भोपाल के छोटा तालाब में आत्महत्या के इरादे से कूदी एक महिला को भोपाल पुलिस के 2 आरक्षकों ने बचा लिया। इन आरक्षकों ने अपनी जान की परवाह ना करते हुए तालाब में छलांग लगाई को महिला को मरने से बचा लिया। फिलहाल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं भोपाल डीआईजी ने दोनों आरक्षकों का सम्मान करने की घोषणा की है।

जानकारी के मुताबिक सुमन नाम की एक महिला गुरुवार को छोटा तालाब पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुमन बेहद परेशान नजर आ रही थी और वह तालाब के आसपास ही घूम रही थी। इसी दौरान अचानक उसने आत्महत्या के इरादे से तालाब में कूद लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर रेस्क्यू टीम को सूचना दी। इसके अलावा इमरजेंसी एम्बुलेंस 108 को भी सूचना दी गई।

रेस्क्यू टीम और एम्बुलेंस जब तक आती उससे पहले ही तलैया थाने में पदस्थ आरक्षक राजन और जितेंद्र तालाब के पास से गुजरे। लोगों ने उन्हें महिला के कूदने की जानकारी दी। इस पर तुरंत दोनों आरक्षकों ने बिना कोई देरी किए तालाब में छलांग लगा दी और महिला तक पहुंच गए। दोनों आरक्षक कड़ी मशक्कत करते हुए महिला को पकड़कर किनारे तक लाए। इसी दौरान एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई थी। तुरंत महिला को अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि फेफड़ों में पानी चले जाने के कारण महिला की हालत गंभीर है और वो फिलहाल वेंटीलेटर पर है। इधर तलैया पुलिस ने महिला द्वारा उठाए गए इस कदम को लेकर जांच शुरु कर दी है।

इसे भी पढ़ें-  7 माह की मासूम तृप्ति का कमाल: 2 सेमी की रिंग पर 1 मिनट 23 सेकंड लटककर इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम किया दर्ज

वहीं आरक्षक राजन और जितेंद्र को उनकी जांबाजी के लिए सभी ओर से शाबासी मिल रही है। इन दिनों अपनी कार्यप्रणाली को लेकर विवादों में रहने वाली भोपाल पुलिस के लिए ये तारीफ बटोरने वाली घटना है। डीआईजी संतोष कुमार सिंह ने दोनों जांबाज आरक्षकों के सम्मान की बात कही है। दोनों आरक्षकों का शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में सम्मान किया जाएगा।