Monday, April 6, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

भोपाल की ‘बाइसिकल शेयरिंग’ 30 शहरों में लागू होने की तैयारी

नई दिल्ली। भोपाल में कामयाब हो चुकी ‘बाइसिकल शेयरिंग स्कीम के जल्द ही 30 अन्य शहरों में लागू होने की तैयारी है। केंद्र सरकार के स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शुरू की गई यह योजना प्रदूषण से मुकाबले व सड़कों पर वाहनों की भीड़ से निजात पाने की अच्छी पहल मानी गई है।

देश में ला रही नया ट्रेंड

भोपाल से शुरू हुई यह योजना भारत में नया ट्रेंड ला रही है। इसमें साइकल को निजी मोटर वाहनों के विकल्प के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। केंद्रीय शहरी मामलों के मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि यह न केवल यूजर्स की सेहत के लिए अच्छी है वरन् पर्यावरण की दृष्टि से भी उम्दा है।

20 प्रोजेक्ट अंतिम चरण में

अफसर ने बताया कि भोपाल जैसे 30 प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी मिशन में हाथ में लिए गए हैं। इनमें से 20 प्रोजेक्ट विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के अंतिम स्तर पर हैं।

जून में 500 साइकिलों के साथ शुरू हुई योजना

-इस साल जून में देश का पहला स्वचालित बाइसिकल शेयरिंग कार्यक्रम शुरू किया गया था। इसमें करीब 500 साइकिलें थीं।

-भोपाल शहर में 12 किमी का खास तौर पर सिर्फ साइकिल ट्रैक बनाया गया।

-50 स्थानों पर साइकिलें रखी गईं, जहां से ग्राहक उन्हें किराए पर ले सकते हैं।

-साइकिल किराए पर लेने के लिए एक फोन एप पर रजिस्टर करने के बाद प्लान चुनना पड़ेगा और उसका भुगतान करना होगा।

-साइकिल 12 किमी के कॉरिडोर में कहीं से भी किराए पर लेकर कहीं भी जमा कराई जा सकेगी।

-25 हजार से ज्यादा ने अब तक रजिस्टर करा लिया है।

पीपीपी मॉडल में प्रोजेक्ट, 7 करोड़ आई लागत

भोपाल प्रोजेक्ट पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) में लागू किया गया है। इसकी 7 करोड़ रुपए लागत आई है। इसमें से 3 करोड़ रुपए स्मार्ट सिटी मिशन के फंड से फाइनेंस किए गए हैं, जबकि शेष एक निजी कंपनी ने जुटाए।

100 शहर बन रहे स्मार्ट

केंद्र सरकार ने 25 जून 2015 को स्मार्ट सिटी मिशन लॉन्च किया था। इसमें देशभर के 100 शहरों को पांच साल में विकसित कर स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है। केंद्र ने इसके लिए 48 हजार करोड़ देने का एलान किया है। प्रत्योक राज्य को पांच साल में 500 करोड़ रुपए मिलेंगे। चुने गए शहर भी इतनी ही राशि जुटाएंगे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply