भोपाल। अलविदा रमजान के बाद बुधवार को राजधानी में ईदुल-फित्र का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंगलवार को शाम सवा सात बजे शहर काजी सैय्यद मुश्ताक अली नदवी की मौजूदगी में मोती मस्जिद में रोयते हिलाल कमेटी ने बुधवार को ईद मनाने का ऐलान किया। कमेटी ने भोपाल में बादल होने के कारण चांद नहीं दिखने की वजह से दूसरे शहरों में चांद दिखने के बाद ईद फित्र के चांद की पुष्टि की। कमेटी ने शहर की सभी मस्जिद कमेटियों से गुजारिश की गई है कि ईदगाह के पहले किसी भी मस्जिद में ईद की नमाज अदा न की जाए। इसके बाद आज सुबह ईदगाह में सबसे पहले ईद की नमाज अदा की गई। इस दौरान देश के अमन-चैन की दुआ मांगी गई।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ईद के मौके पर ईदगाह पहुंचे और उन्होंने मुस्लिम भाईयों को ईद की मुबारकबाद दी।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा, भोपाल के प्रभारी मंत्री डॉ. गोविंद सिंह और फिल्म अभिनेता रजा मुराद मौजूद थे।
ईदगाह में सबसे पहले ईद की नमाज
शहर की ईदगाह में सुबह 7.15 बजे, जामा मस्जिद में 7.30, ताजुल मसाजिद में 7.45, मोती मस्जिद में 8 और आरिफ नगर स्थित बिल्कीस जहां में 8.15 बजे ईद की विशेष नमाज अदा की गई। इसके अलावा भेल, बैरागढ़, कोलार, बैरागढ़ चीचली, मिसरोद तथा शहर के आसपास मंडीदीप, बैरसिया सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद की विशेष नमाज पढ़ी गई।















Leave a Reply