वडोदरा: गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भाषण देने के दौरान बेहोश होकर गिर गए. वडोदरा के निजामपुरा इलाके में महा नगरपालिका चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री पहुंचे थे. इस दौरान भाषण देने के दौरान वे बेहोश हो गए और गिर गए. जैसे ही विजय रुपाणी गिरे, वहां उनकी सुरक्षा में मौजूद जवानों ने तुरंत उन्हें संभाला.
बताया जा रहा है कि अचानक मुख्यमंत्री रुपाणी को चक्कर आ गया. उनकी तबीयत अब ठीक बताई जा रही है. उनका इलाज कर रहे डॉक्टर्स के अनुसार लगातार स्ट्रेस की वजह से मुख्यमंत्री का ब्लड प्रेशर लो हो गया था. फिलहाल उन्हें वडोदरा से अहमदाबाद लाया जा रहा है. यूएन मेहता हॉस्पिटल में उन्हें एडमिट किया जाएगा जहां उनका मेडिकल टेस्ट किया जाएगा.
नगरपालिका चुनाव की जानकारी
बता दें कि राज्य के छह नगर निगमों अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, जामनगर और भावनगर के लिए 21 फरवरी को चुनाव होगा. इसके अलावा, गुजरात की अलग-अलग दूसरे नगर पालिकाओं, जिला पंचायओं और तालुका पंचायतों के लिए 28 फरवरी को चुनाव होगा.

