Latest

भारत-पाक मैच LIVE / भारत की रनों के लिहाज से पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत, 89 रन से हराया

  • वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान पर लगातार 7वीं जीत दर्ज की
  • भारत ने 50 ओवर में 336 रन बनाए, पाक को डकवर्थ लुइस नियम से 40 ओवर में 302 रन का लक्ष्य मिला
  • पाक की पारी के 35वें ओवर में बारिश के कारण खेल रुका, यहां से उसे 30 गेंद पर 136 रन बनाने थे
  • रोहित (140 रन) मैन ऑफ द मैच, विराट ने 77 रन बनाए
  • विजय शंकर वर्ल्ड कप के डेब्यू मैच में पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय

मैनचेस्टर. वर्ल्ड कप के 22वें मैच में रविवार को भारत ने पाकिस्तान को 89रन से हरा दिया। रनों के लिहाज से वर्ल्ड कप में पाक पर भारत की ये सबसे बड़ी जीत है। पिछली बार 2015 में उसने एडिलेड में 76 रन से हराया था। टीम इंडिया ने पाक को वर्ल्ड कप में लगातार 7वीं बार हराया। वर्ल्ड कप में 1992 से दोनों टीमों के बीच मैच खेले जा रहे हैं, लेकिन टीम इंडिया कभी नहीं हारी। मैनचेस्टर में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 336 रन बनाए। डकवर्थ लुइस नियम के हिसाब से पाकिस्तान को 40 ओवर में जीत के लिए 302 रन का लक्ष्य दिया गया था। वह 6 विकेट पर 212 रन ही बना सका।

बारिश के कारण दो बार खेल रोका गया
भारतीय पारी के 47वें ओवर में बारिश शुरू हो गई थी। इसके कारण खेल को रोक दिया गया था। 30 मिनट बाद खेल फिर से शुरू हो सका। इसके बाद भारतीय पारी के खत्म होने के बाद बारिश के कारण कवर्स मैदान पर लाए गए। हालांकि, इस बार मौसम जल्द ही साफ हो गया। पाकिस्तान की पारी में 35 ओवर के बाद बारिश के कारण मैच रोक दिया गया था। तब पाक का स्कोर 6 विकेट पर 166 रन था। डकवर्थ लुइस नियम के हिसाब से उसकी पारी को 40 ओवर का कर दिया गया। उसे मैच जीतने के लिए 302 रन का लक्ष्य दिया गया। यहां से उसे 30 गेंद पर 136 रन बनाने थे।

रोहित का पाक के खिलाफ लगातार दूसरा शतक
भारत के लिए रोहित शर्मा ने 140 रन की पारी खेली। उन्होंने लगातार पांचवें मैच में 50+ स्कोर बनाया। इस वर्ल्ड कप में उनका यह दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक भी लगाया था। वे पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले पिछले वर्ल्ड कप में विराट कोहली ने 107 रन बनाए थे। रोहित पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दो शतक लगाने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने पिछले साल दुबई में 111 रन की पारी खेली थी।

Leave a Reply

Back to top button